logo

तेज हवाओं और वज्रपात के साथ झारखंड के 20 जिलों में आज होगी बारिश, मौसम विभाग का अलर्ट

वोीगेप411.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मई महीने में जहां झारखंड में तीव्र गर्मी पड़ने की सामान्य अपेक्षा रहती है, वहीं इस बार मौसम कुछ अलग ही रुख अपनाए हुए है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर हो रही बारिश और बादल छाए रहने की वजह से तापमान में अपेक्षित वृद्धि नहीं हो पा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार फिलहाल राज्य का मौसम सामान्य बना हुआ है, हालांकि परिवर्तनशीलता लगातार बनी हुई है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार यह बदलाव फिलहाल जारी रहेगा और राज्य के अधिकांश हिस्सों में 18 मई तक लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना है। आज यानी बुधवार को झारखंड के करीब 15 जिलों में दोपहर के बाद वर्षा की संभावना जताई गई है। इस दौरान मेघ गर्जन और वज्रपात की भी आशंका है। इसे ध्यान में रखते हुए मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने जानकारी दी कि आज दुमका, साहिबगंज, गोड्डा, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में बारिश की संभावना है। इसके अलावा, 16 मई को राज्य के चार जिलों गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार—को छोड़कर बाकी 20 जिलों में बारिश, तेज हवाएं, वज्रपात और मेघ गर्जन की चेतावनी दी गई है। इन जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 17 और 18 मई को भी झारखंड के सभी जिलों में मौसम में बदलाव बना रहेगा, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। साथ ही, बारिश और ठंडी हवाओं की वजह से गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। बिहार से होकर गुजरने वाली टर्फ लाइन झारखंड के लिए लाभदायक साबित हो रही है, जिसके प्रभाव से 18 मई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में वर्षा की संभावना है। पिछले 24 घंटों की बात करें तो राज्य के 12 जिलों में लू जैसे हालात बने रहे। दिनभर तेज धूप और उमस के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई। हालांकि शाम के समय कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई, लेकिन इससे गर्मी में विशेष राहत नहीं मिल पाई। पलामू और संथाल परगना क्षेत्र में अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि कोल्हान क्षेत्र में यह 39 से 41 डिग्री सेल्सियस और रांची व मध्य झारखंड में 37 से 39 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने बढ़ते तापमान को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने लोगों को तेज धूप से बचने के लिए छाता और टोपी का उपयोग करने, हल्के और सूती वस्त्र पहनने तथा लगातार पानी पीते रहने की सलाह दी है। अत्यधिक आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने और विशेष रूप से बच्चों व बुजुर्गों को धूप से बचाने की अपील की गई है। राजधानी रांची की बात करें तो बुधवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान पलामू में 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रांची का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं सिमडेगा में लगभग 2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।