logo

आज झारखंड में हो सकती है हल्की बारिश, ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट

वोीगेप231.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
झारखंड में भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग की तरफ से एक राहत भरी खबर आई है। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि पूर्वोत्तर बिहार से पश्चिम बंगाल और ओडिशा तक बन रहे चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के प्रभाव से मौसम में बदलाव आएगा। आज झारखंड में हल्की बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं सात मई को छह जिलों रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, दुमका और देवघर में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार इस सिस्टम के प्रभाव से अगले कुछ दिनों में राज्य के तापमान में 04 से 06 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने की संभावना है। इससे गर्मी से थोड़ी राहत भी मिलेगी। 


कहां कितना रहा तापमान 
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य पूरी तरह से गर्म हवाओं और हीटवेव की चपेट में रहा। राज्य के 24 में से 20 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया, जबकि हजारीबाग, लोहरदगा, रांची और साहिबगंज ही ऐसे चार जिले रहे, जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। पिछले 24 घंटों में सरायकेला में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया, जहां का अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस रहा। 

साहिबगंज जिले में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस कम है. हजारीबाग का अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस, लोहरदगा का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस और रांची का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटे में पूर्वी सिंहभूम का अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस, पलामू का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस, बोकारो का अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस, चतरा का अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस, देवघर का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस, धनबाद का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस और गढ़वा का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा गिरिडीह का अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस, गोड्डा का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस, गुमला का अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस, जामताड़ा का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस, खूंटी का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस, पाकुड़ का अधिकतम तापमान 43. 6 डिग्री सेल्सियस, रामगढ़ का अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस, सिमडेगा का अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस और पश्चिमी सिंहभूम का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

Tags - Weather Jharkhand rain in Jharkhand rain alert heat in Jharkhand severe heat in Jharkhand rainy season summer update Jharkhand