logo

आज झारखंड के इन जिलों में बारिश की संभावना, रांची का बढ़ेगा तापमान

वोीगेप411.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड में पिछले 24 घंटों में मौसम शुष्क रहा। हालांकि कई इलाकों में आसमान में आंशिक बादल छाए रहे। मौसम केंद्र, रांची ने अपने ताजा मौसम का अपडेट जारी किया है। जिसके अनुसार 1 मार्च को राज्य के उत्तर पूर्वी और निकटवर्ती उत्तरी भागों में आसमान में बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है। राज्य के उत्तर पूर्वी जिलों के अलावा अन्य हिस्सों में भी आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। मौसम केंद्र, रांची के अनुसार 01 मार्च को रांची के तापमान 19 से 33 ℃ के बीच रह सकता है। 

मौसम विभाग की ओर से अगले पांच दिनों के लिए कोई भी चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया है। लेकिन कुछ इलाकों में हल्की वर्षा और बाकी के जिलों में आंशिक बादल बनने की संभावना जरूर जताई है। आज झारखंड के उत्तर पूर्वी जिलों जैसे कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा और साहिबगंज में हल्के दर्जे की बारिश हो सकती है। 28 फरवरी के राज्य का अधिकतम तापमान सरायकेला खरसावां में रिकॉर्ड हुआ। यहां पारा 37℃ तक चढ़ा। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का न्यूनतम तापमान लोहरदगा में रिकॉर्ड हुआ। यहां पारा 10.3 ℃ तक गिरा. इस दौरान रांची के न्यूनतम तापमान 15℃, जमशेदपुर का 18℃, डाल्टनगंज का 13℃ रिकॉर्ड हुआ।