द फॉलोअप, सरायकेला-खरसावां:
Crime News: सरायकेला-खरसावां (Saraikela Police) जिले में पुलिस की तत्परता से चोरी (Theft) की वारदात टल गई। पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे दो युवकों को पकड़ा। पूछताछ के दौरान दोनों ने वाहन की बैटरी चोरी करने के प्रयास के साथ-साथ सरायकेला थाना क्षेत्र के मानिक बाजार एवं राजबांध स्थित ट्रैक्टर शोरूम में चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर की रात गश्ती के दौरान दोनों युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मिले।

पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो भागने लगे
पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे भागने लगे। इसके बाद पुलिस बल की मदद से दोनों को पकड़ लिया गया। पूछताछ के क्रम में युवकों ने गाड़ी की बैटरी चोरी करने के प्रयास और ट्रैक्टर शोरूम में चोरी करने की बात बताई। पुलिस ने उनके पास से एक सुजुकी स्कूटी, अमरोन कंपनी की बैटरी, वीवो एवं ओप्पो कंपनी के टचस्क्रीन मोबाइल फोन, लोहे का एक सब्बल, लोहे का पाइप और स्क्रूड्राइवर का हैंडल सहित अन्य सामान बरामद किया है।

दोनों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजिद खान उर्फ मुन्ना खान और जाफर अंसारी उर्फ गब्बर अंसारी उर्फ बबलू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों सरायकेला थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 08 का निवासी है। पुलिस ने बताया कि दोनों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच करते हुए मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस की सक्रियता से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिली है।