जामताड़ा
रेलनगरी चित्तरंजन के प्रसांता एवेन्यू इलाके में एक सूने क्वार्टर में हुई बड़ी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अज्ञात अपराधियों ने लगभग 15 से 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली, जिससे स्थानीय रेलकर्मियों और उनके परिवारों में दहशत का माहौल है.
पीड़ित रेलकर्मी राजेश कुमार सिंह (क्वार्टर नंबर 3/2B) के अनुसार, घटना के समय घर खाली था. वे चुनावी ड्यूटी के कारण दक्षिण 24 परगना के बिष्णुपुर में थे, जबकि उनकी माता इलाज के सिलसिले में दुर्गापुर गई हुई थीं. इसी दौरान चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अलमारी और लॉकर को खंगाल डाला. स्थानीय नाइट गार्ड ने कुछ संदिग्धों को भागते हुए देखा, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. चोरी गए सामानों में सोने के हार सेट, चूड़ियां, मांगटीका, नथ, चेन, अंगूठियां और झुमके शामिल हैं. इसके अलावा चांदी की पायल, बिछिया, पूजा के बर्तन और सिक्के तथा लगभग 50 हजार रुपये नकद भी चोरी कर लिए गए.प्रतिबंधित क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद लोगों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाए हैं. थाना प्रभारी शेख इस्माइल अली ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. उन्होंने नागरिकों से घर खाली छोड़ने से पहले थाने को सूचना देने की अपील की है. पुलिस ने रात्रि गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया है.
.jpg)