पाकुड़
पाकुड़ के प्रसिद्ध जटाधारी शिव मंदिर में रविवार रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। नगर थाना क्षेत्र के राजापाड़ा स्थित मंदिर से चोर चांदी के आभूषण और दानपेटी में रखी नगदी लेकर फरार हो गए। 
टूटा मिला मंदिर का ताला
चोरी की जानकारी सोमवार सुबह उस समय हुई, जब पुजारी मंदिर पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर का ताला टूटा हुआ है। इसके बाद मंदिर समिति और नगर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस चोरों का पता लगाने के लिए आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटा रही है। जटाधारी शिव मंदिर को पर्यटन विभाग द्वारा पर्यटन स्थल घोषित किया गया है। मंदिर में चोरी की घटना से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और नियमित निगरानी की व्यवस्था करने की मांग की है।