logo

क्राइम : बारात में आए युवक की गोली मारकर हत्या, छानबीन में जुटी पुलिस

crime_scene15.jpg

रांचीः

रांची के डोरंडा थानाक्षेत्र में हजारीबाग के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोलीबारी में मारे गए युवक का नाम जगदीश यादव है। बताया जाता है कि वो अपने दोस्तों के साथ रांची में एक शादी में आया हुआ था। पुलिस को आज मंगलवार को इसकी जानकारी मिली है। जिसके बाद से पुलिस छानबीन में जुटी है। जानकारी के मुताबिक सोमवार को हजारीबाग के कटकमकांडी से डोरंडा स्थित न्यू सचिवालय कॉलोनी में एक बारात आई थी। बाराती के रूप में जगदीश यादव भी अपने साथियों के साथ रांची आया हुआ था। अज्ञात अपराधियों ने मारी तीन गोलियां सोमवार की रात करीब 2 बजे जगदीश अपने कुछ साथियों के साथ बारात में नाच रहा था। इसी दौरान 2 की संख्या में आए अपराधियों ने जगदीश को निशाना बना कर तीन गोलियां मार दी। जगदीश को गोली मारने के बाद तीनों अपराधी मौके से फरार हो गए। वहीं गोली चलने से बारात में अफरा-तफरी मच गई, लोग इधर से उधर भागने लगे. आनन-फानन में जगदीश को उसके दोस्तों ने रिम्स अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों की टीम ने जगदीश को मृत घोषित कर दिया।

 

रांची में कोई विवाद नहीं

इधर जगदीश के चचेरे भाई दिनेश यादव ने बताया कि रांची में उनका किसी से कोई विवाद नहीं था। जगदीश हजारीबाग में चाउमीन की दुकान चलाया करता था। वे सभी अपने राणा नाम के दोस्त की शादी में रांची आए हुए थे। इसी दौरान जगदीश की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिनेश यादव के अनुसार जब लड़का-लड़की शादी करने के लिए चले गए तब वह लोग नाच गा रहे थे उसी दौरान दो युवकों ने जगदीश को गोली मार दी। 

 

सीसीटीवी में अपराधी कैद हुए

पुलिस ने बताया कि मंगलवार की सुबह पुलिस को गोलीबारी से संबंधित सूचना मिली थी। जिसके बाद सत्यापन के लिए डोरंडा पुलिस की टीम रिम्स गई थी। इस दौरान यह जानकारी मिली कि जगदीश नामक व्यक्ति को गोली मारी गई थी। इलाज के दौरान रिम्स में मौत हो गई है। थाना प्रभारी के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में गोली मारने वाले अपराधियों की तस्वीर कैद हुई है। जिसके बाद उसी फुटेज के आधार पर अपराधियों की तलाश की जा रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद ही खुलासा हो पाएगा कि आखिर जगदीश की हत्या क्यों की गई।