logo

रुपये की खनक ने जिंदगी की खनक को समाप्त कर दिया है: चौथी राम यादव

रुपये की खनक ने जिंदगी की खनक को समाप्त कर दिया है: चौथी राम यादव

रांची 

रामदयाल मुंडा जनजातीय कल्याण शोध संस्थान (Ramdayal Munda Tribal Welfare Research Institute,TRI)  रांची की रचनात्मक लेखन कार्यशाला में वरिष्ठ आलोचक चौथी राम यादव ने कहा कि आज रुपये की खनक ने जिंदगी की खनक को समाप्त कर दिया है। उन्होंने बताया कि काशीनाथ सिंह का उपन्यास ‘काशी का अस्सी’ एक अलग तरह के शिल्प में लिखा गया है। इसमें भारत की सभी जातियों का संवाद है। इसमें काशी के एक मुहल्ले को मेटाफोर की तरह इस्तेमाल करते हुए पूरे भारत के वास्तविकता को चित्रण किया गया है। वहीं, वरिष्ठ आलोचक विजय बहादुर सिंह ने 21वीं सदी में गल्प और काशी का अस्सी विषय पर व्याख्यान दिया। प्रतिभागियों ने इस दौरान लेखन में इतिहास और कल्पना के इस्तेमाल पर सवाल किये। 

'रिपोर्टिंग कला और रिपोर्ट लेखन' विषय पर चर्चा की 

झारखण्ड के पत्रकार डॉ सुधीर सुमन ने 'रिपोर्टिंग कला और रिपोर्ट लेखन' विषय की कक्षा ली। उन्होंने प्रतिभागियों को रिपोर्ट लेखन के गुर साझा किए। कहा कि रिपोर्ट लेखन में सिर्फ सूचना नहीं होनी चाहिए उसमे पाठकों को लुभाने के लिए कल्पनाओं का इस्तेमाल भी जरूरी है। युवा लेखक और आलोचक श्रीधर करुणानिधि ने 'कहानी के लेखन विधा' विषय की कक्षा ली। उन्होंने कहा कि कहानी लेखन की विधा रोज बदल रही है। हमें अपनी लेखनी में तेजी से बदलते समय को अपने ढंग से व्यक्त करने की आवश्यकता है।


निरंजन कुजूर ने इंडिपेंडेंट सिनेमा पर बात की 
झारखण्ड के युवा आदिवासी फिल्मकार निरंजन कुजूर ने सिनेमा कार्यशाला में इंडिपेंडेंट सिनेमा पर कक्षा ली। उन्होंने सिनेमा, संगीत और दूसरे आर्ट फॉर्म में आदिवासियत के महत्ता पर बात की। उन्होंने फ्रेंच फिल्ममेकर रॉबर्ट ब्रेसो और तुर्किश फिल्ममेकर नूरी बिल्गे सीलन की फिल्मों के दृश्य दिखाकर, उनके फिल्म निर्माण के तरीकों पर चर्चा की। झारखण्ड के नेशनल अवार्ड विजेता फिल्म डायरेक्टर मेघनाथ ने इटेलियन न्यू रियलिज्म की फिल्मों की बारीकियों पर विस्तार से बात की।

सत्यजीत राय की फिल्मों पर विशेष बातचीत 

मशहूर लेखक अमिताभ घोष ने सिनेमा कार्यशाला की कक्षा में सत्यजीत राय की फिल्मों पर विशेष बातचीत की। उन्होंने कहा कि सत्यजीत राय ने भारतीय सिनेमा को बदल कर रख दिया। मुख्यधारा के सिनेमा की अति नाटकता को छोड़कर उन्होंने यतार्थपूर्ण सिनेमा बनाने पर फोकस किया। अमिताभ घोष ने सत्यजीत राय की फिल्म चारूलता, पाथेर पांचाली की नैरेटिव स्टोरीटेलिंग को प्रतिभागियों को गहराई से समझाया। प्रो राजेश कुमार ने अनुवाद की कक्षा ली। उन्होंने कहा,  इंटरनेट के दौर में अनुवाद एक जरूरी कला के रूप में उभर रही है। शैक्षणिक, चिकित्सीय, प्रशासनिक और मल्टीमीडिया के क्षेत्रों में इसका दायरा बढ़ रहा है। यूट्यूब और फिल्मों ने इसे और भी लोकप्रिय बनाया है।