रांचीः
मोरहाबादी के आंदोलनरत दुकानदारों का मामला अब हाइकोर्ट पहुंच गया है। दुकानदारों ने अधिकारियों के खिलाफ याचिका दाखिल किया है। 202 दुकानदारों ने उपायुक्त, नगर आयुक्त और जिला दंडाधिकारी के खिलाफ याचिका दाखिल किया है। याचिका में दुकानदारों की तरफ से कहा गया है कि उनलोंगो को गलत तरीके से हटाया जा रहा है।

27 जनवरी को हुआ था गैंगवार
बता दें कि 27 जनवरी 2022 को मोरहाबादी में गैंगवार हुआ था। जिसमें कुख्यात अपराधी कालू लामा मारा गया था। 28 जनवरी को शाम सीएम ने आला अधिकारियों के साथ बैठक की थी, जिसके बाद फैसला लिया गया था कि मोरहाबादी के दुकानों को बंद किया जाए। साथ ही पूरे इलाके में धारा 144 लागू कर दिया। सभी दुकानदारों को दुकानों को हटाने का आदेश दिया गया।

जगह देने से मुकरा नगर निगम
दुकान बंद करने के आदेश के बाद दुकानदारों ने 14 दिनों तक आंदोलन किया। जिसके बाद रांची नगर निगम ने वैकल्पित जगह देकर आंदोलन को खत्म कराया। दुकानदारों के लिए नगर निगम ने जेसीबी लगाकर साफ सफाई करायी लेकिन फिर नगर निगम जगह देने की बात से मुकर गया। इसलिए अब दुकानदारों ने हाइकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।