पाकुड़:
पाकुड़ में पुलिस एसोसिएशन ने डुमरी विधायक द्वारा बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार को कथित तौर पर अपशब्द कहने और धमकाने की निंदा करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों की गरिमा और सम्मान बनाए रखनी चाहिए। पुलिस एसोसिएशन ने डुमरी विधायक और बरवाअड्डा थाना प्रभारी के बीच कथित व्हाट्सएप कॉल का जिक्र करते हुए कहा कि जिस प्रकार जयराम महतो की ओर से थाना प्रभारी को ऑफ ड्यूटी सबक सिखाने, सरकार बदलने पर नौकरी खा जाने की बात कही गई। अपशब्दों का प्रयोग किया गया और देर रात समर्थकों के साथ थाने में हंगामा किया गया, यह काफी गलत बात है।

जनप्रतिनिधि का व्यवहार अशोभनीय
पुलिस एसोसिएशन ने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे जनप्रतिनिधि द्वारा पुलिस पदाधिकारी के साथ इस तरह का कथित व्यवहार अशोभनीय है। एसोसिएशन ने सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों के प्रति लगातार अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल और वीडियो जारी किए जाने पर भी आपत्ति जताई है।

पुलिस बल की गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंची
एसोसिएशन का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से पूरे पुलिस बल के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंचती है। पाकुड़ पुलिस एसोसिएशन ने मामले की घोर निंदा करते हुए पुलिस एसोसिएशन केंद्रीय कार्यालय, झारखंड, रांची के साथ पूरी मजबूती से खड़े रहने की बात कही है।