पश्चिमी सिंहभूम:
चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत सोनुआ-लोटापहाड़ स्टेशन के बीच पड़सा पुलिया के समीप डाउन रेल लाइन पर रविवार देर रात युवक और युवती का क्षत-विक्षत शव मिला है। घटना की जानकारी रात करीब 1 बजे चक्रधरपुर की ओर जा रही एक ट्रेन के चालक ने सोनुआ स्टेशन को फोन पर दी। सूचना मिलते ही सोनुआ थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों की मौत ट्रेन से कटने के कारण हुई है। रेल प्रशासन का कहना है कि घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

घटनास्थल पर फोन और बैग मिला
घटनास्थल से पुलिस को एक बंद मोबाइल फोन और एक बैग बरामद हुआ है। बैग में युवक के कुछ कपड़े और ट्रेन के 2 टिकट मिले हैं। इनमें एक टिकट सोनुआ से राउरकेला का है, जिसे 21 मई को सोनुआ स्टेशन से लिया गया था, जबकि दूसरा टिकट राउरकेला से पुरी का है, जो 22 मई को कटाया गया था। टिकट मिलने के बाद यह आशंका जतायी जा रही है कि दोनों राउरकेला से लौटने के बाद यहां पहुंचे और किसी कारणवश रेलवे ट्रैक पर जान दे दी। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों ने यह कदम क्यों उठाया होगा।

युवक-युवती की शिनाख्त नहीं
फिलहाल युवक और युवती की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मोबाइल फोन में मौजूद सिम कार्ड और अन्य सामान के आधार पर दोनों की शिनाख्त का प्रयास कर रही है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरपीएफ और सोनुआ थाना पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है।