logo

कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड का पर्दाफाश, 6 आरोपी पकड़े गए; कत्ल की पूरी कहानी जानिए

a649.jpg

जमशेदपुर:

जमशेदपुर के युवा कारोबारी निखार सबलोग हत्याकांड की गुत्थी सुलझा लेने का दावा पुलिस ने किया है। पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अशोक कुमार सिंह, सुनील रजक, रितेश सिंह, सुशील केराई, अंकित सिंह और राजकुमार सिंह उर्फ प्रिंस शामिल है। इन्हें  न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। हत्याकांड में इस्तेमाल की गई लाल रंग कीी हुंडई I-10 कार राची से बरामद की गई है। शूटर की निशानदेही पर 1 पिस्टल भी मिला है। कारोबारी निखार सबलोग जमशदेपुर के कदमा स्थित विजया हैरिटेज फेज-6 निवासी थे और उनका होटल बिजनेस था।

पूर्वी सिंहभूम के SSP डॉ. एहतेशाम वकारीब और सरायकेला-खरसावां के SP मुकेश स्वर्गीयारी ने संयुक्त प्रेस वार्ता में हत्याकांड का खुलास किया। गौरतलब है कि 24 अगस्त को निखार सबलोक की हत्या हुई थी। उन्हें 11 गोलियां लगी थी। 

पुराने जमीन विवाद में हुई थी निखार की हत्या
SSP डॉ. एहतेशाम वकारीब ने बताया कि होटल टेंथ माइल स्टोन रेस्टोरेंट के पास स्थित जमीन को लेकर जारी विवाद में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। हत्या की सुपारी 15 लाख रुपये में यूपी के शूटरों को दी गई थी। SSP ने बताया कि सुपारी की तय रकम वारदात को अंजाम दिए जाने के बाद भी शूटरों को नहीं मिली, जिसकी वजह से अपराधी आपस में लड़ गए थे। दिलचस्प है कि अभी भी निखार सबलोक हत्याकांड के मास्टरमाइंड का पता लगाया जाना बाकी है।

पुलिस ने इस केस में हत्याकांड की स्क्रिप्ट तैयार करने वाले सोनारी के खूंटाडीह निवासी अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव, यूपी के 1 शूटर, वारदात के लिए वाहन उपलब्ध कराने वाले शख्स और शूटरों को घटनास्थल तक पहुंचाने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। 

सुनील रजक ने शूटरों को लोकेशन पर पहुंचाया
सरायकेला-खरसावां के SP मुकेश स्वर्गीयारी ने जानकारी दी कि वारदात के पहले और बाद में सुनील रजक नाम का आरोपी हुंडई I-10 कार चला रहा था, जबकि रितेश सिंह ड्राइविंग सीट के पास बैठा था। कार की पिछली सीट पर दोनों शूटर बैठे थे। चारों होटल टेंथ माइल स्टोन पहुंचे तो सबसे पहले रितेश सिंह भीतर गया। उसने इस बात की तस्दीक की कि निखार सबलोक होटल के भीतर मौजूद है। उसने शूटरों को इसकी जानकारी दी। रितेश ने शूटरों को बताया कि निखार ने किस रंग के कपड़े पहने हैं और क्या पी रहा है।

रितेश से मिली जानकारी के बाद शूटर होटल के भीतर पहुंचे और निखार सबलोक पर फायरिंग झोंक दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वे कार में बैठे और सुनील रजक ने कार से उन्हें तय लोकेशन तक पहुंचाया। 

भागने के क्रम में प्रत्येक टोल को ब्रेक किया था
एसपी ने बताया कि भागने के क्रम में अपराधियों ने प्रत्येक टोल को ब्रेक किया। इसके बाद वारदात में इस्तेमाल कार को रांची में छोड़ दिया गया। वहां से सभी दूसरी गाड़ी से निकल भागे। एसपी ने बताया कि शूटरों के जमशेदपुर पहुंचने के बाद सुनील रजक ने उनके सोनारी में ठहरने और होटल आदि की पूरी व्यवस्था करायी थी। पुलिस अनुसंधान में तकनीकी और मानव साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कुछ लोगों की गिरफ्तारी सरायकेला जिले के डोबो क्षेत्र से भी हुई है, जिनके पास से 1 हथियार भी बरामद हुआ है।

अखिलेश-गणेश गैंगवार की ओर भी जांच की सुई
एसएसपी ने बताया कि निखार सबलोक हत्याकांड की जांच की सुई अखिलेश सिंह और गणेश सिंह के बीच गैंगवार की ओर भी जा रही है। हालांकि, इस बिंदु पर अभी और अनुसंधान की आवश्यकता है और पुलिस की जांच जारी है। उन्होंने आगे कहा कि हत्याकांड में कई सफेदपोश के भी शामिल होने का अनुमान है। पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है। सभी के चल-अचल संपत्तियों की जांच की जायेगी।

निखार सबलोक हत्याकांड में किसी क्या थी भूमिका!

पुलिस के अनुसार, अशोक ने ही निखार सबलोक की हत्या की पूरी साजिश रची थी। इसके अलावा मानगो के ओलिडीह ओपी क्षेत्र स्थित डिमना रोड के संजय पथ, लक्ष्मण नगर निवासी सुनील रजक और रितेश सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। सुनील रजक वारदात में इस्तेमाल हुंडई आई-10 कार उपलब्ध कराने और शूटरों को घटनास्थल के बाद तय लोकेशन तक पहुंचाने में शामिल था। वहीं, रितेश सिंह ने वारदात से करीब 10 मिनट पहले होटल के अंदर जाकर निखार की मौजूदगी की पुष्टि की थी और बाहर आकर शूटरों को निखार के बारे में जानकारी दी थी। सोनारी के सिद्धू-कान्हू बस्ती, जोन-2 निवासी सुशील केराई को भी हत्याकांड की साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के थाना कोतवाली देहात अंतर्गत सराया आंचल के गोलबारा गांव निवासी अंकित सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, अंकित हत्याकांड को अंजाम देने वाले दोनों शूटरों में शामिल था। वहीं, उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के थाना लधुवा अंतर्गत मांगपुर गांव निवासी राजकुमार सिंह उर्फ प्रिंस को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, राजकुमार भी निखार की हत्या करने के लिए सुलतानपुर से जमशेदपुर पहुंचे शूटरों में शामिल था। लेकिन, वो घटनास्थल पर मौजूद नहीं था।

Tags - Nikhar Sablok Murder CaseNikhar Sablok NewsMurder CaseCrime News