logo

झारखंड के 2 जिले का पारा 40 पार, कई जिलों के तापमान में लगातार वृद्धि से बढ़ा हीट वेव का खतरा

1362.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड  में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी सहित राज्य भर में गर्मी की तपिश लगातार बढ़ रही है। सूरज की तपिश दिन चढ़ने के साथ ही लोगों को झुलसाने लगी है। राज्य के 2 जिले का पारा 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। झारखंड में सबसे अधिक गर्मी चाईबासा में पड़ रही है। मौसम केंद्र की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार यहां का पारा 40.4 डिग्री पहुंच चुका है। वहीं, डाल्टेनगंज का पारा 40.2 पहुंच गया है। वहीं, तीन जिले 40 डिग्री के बॉर्डर पर हैं। जमशेदपुर का पारा 39.7, देवघर व गढ़वा का पारा 39.1 डिग्री पहुंच गया है। वहीं, कई जिलों का उच्चतम तापमान 38 डिग्री पहुंच चुका है। रांची का तापमान में 36.2 डिग्री हो गया है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ अभिषेक आनंद ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोत्तरी होगी। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। क्योंकि, 18 अप्रैल तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम केंद्र के अनुसार राज्य में अगले 3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। उसके बाद अगले दो दिन किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

4 दिनों तक छाए रह सकते हैं आंशिक बादल
मौसम विभाग ने कहा है कि अभी तापमान में बढ़त जारी रहेगी। हालांकि, 13 अप्रैल से लेकर 16 अप्रैल तक यानि लगातार चार दिनों तक आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान जताया गया है। मौसम पूर्वानुमान के तहत कहा गया है कि आंशिक बादल छाए रहेंगे मगर मौसम शुष्क रहेगा। रांची में भी आंशिक बादल छाए रहेंगे। हालांकि, इस दौरान रांची का तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। वहीं, 17 व 18 अप्रैल को मौसम शुष्क रहेगा।

गर्मी को लेकर स्कूलों का बदला समय
पलामू जिले में बढ़ती गर्मी को लेकर डीसी आंजनेयुलु दोड्डे ने स्कूलों के समय में बदलाव को लेकर निर्देश जारी किया है। जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालय के कक्षा एक से लेकर कक्षा पांच तक की कक्षाएं सुबह सात बजे से लेकर 12 बजे तक ही संचालित की जाएंगी। हालांकि, रांची में अभी भी स्कूलों के समय को लेकर कोई बदलाव नहीं किया गया है। इस संबंध में जिला प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की सूचना नहीं जारी की गई है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंhttps://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT