logo

JPSC-JSSC आंदोलन को मिला हिमंता का समर्थन, बोले- युवाओं के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं

Himanta.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

JPSC-JSSC की भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी की शिकायतों को लेकर आंदोलन कर रहे झारखंड के युवाओं को असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा का साथ मिला है। हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि यदि झामुमो, कांग्रेस और आरजेडी गठबंधन की सरकार ने समय रहते छात्रों की शिकायतों को संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्रवाई की होती तो, स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती। हिमंता बिस्वा सरमा विधानसभा चुनाव के लिए झारखंड में भाजपा के चुनाव प्रभारी बनाए गये थे। उस समय का जिक्र करते हुए हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि उस दौरान मुझे JSSC-CGL अभ्यर्थियों की पीड़ा, आक्रोश और भर्ती प्रक्रिया को लेकर उनकी चिंता को करीब से देखने का मौका मिला था।

 

युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं
हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि आज जो छात्र अपने भविष्य और न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, उनकी भावनाओं को भली-भांति समझ सकता हूं। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोप लगातार बढ़ते गए और आज लाखों युवाओं का भविष्य संकट में है। हिमंता ने छात्र आंदोलन के प्रति समर्थन व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से अपील की है कि छात्रों की जायज मांगों को अविलंब स्वीकार करके उनके साथ न्याय करे।  उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं हो सकता। 

सरकार बनाएगी 3 सदस्यीय हाईलेवल कमिटी
गौरतलब है कि बीते सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वरीय अधिकारियों से विचार-विमर्श के पश्चात उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य सोनू और कैबिनेट सचिव वंदना डाडेल समेत एक अन्य वरीय अधिकारी को मिलाकर 3 सदस्यीय हाईलेवल कमिटी बनाने का फैसला किया है, जो JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं  में अनियमितता की जांच करेगी और सुधार के लिए सिफारिश भेजेगी। 

आंदोलन के बीच CID की छानबीन जारी है
इस बीच मामले में CID की जांच जारी है। सोमवार को जांच एजेंसी ने रांची, बोकारो, हजारीबाग, पलामू और चतरा समेत अन्य जिलों  के कुल 18 ठिकानों पर छापेमारी की। हजारीबाग से 2 सगे भाइयों को हिरासत में लिया और इस प्रकार 14वीं JPSC पीटी परीक्षा में गड़बड़ी मामले में गिरफ्तारियों की संख्या 13 तक पहुंच गई। बताया जाता है कि छापेमारी के दौरान 6 करोड़ रुपये का चेक, दस्तावेज और डिजिटल उपकरण मिला है, जिनकी जांच की जायेगी। इसमें एक नाम उभरकर सामने आ रहा है, अभय तिवारी। 

Tags - Himanta Biswa SarmaJPSC ProtestJPSC JSSC ProtestJharkhand