द फॉलोअप डेस्क, रांची:
जेल में बंद JSSC CGL परीक्षा में कथित अनियमितता से जुड़े मामले में आरोपी अभय तिवारी की पत्नी सुषमा देवी की जमानत याचिका पर विशेष CID कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने जांच एजेंसी को मामले की केस डायरी पेश करने का निर्देश दिया है। अब केस डायरी अदालत में प्रस्तुत होने के बाद 3 सितंबर को सुषमा देवी की जमानत याचिका पर आगे की सुनवाई होगी।
बताया जा रहा है कि CID ने सुषमा देवी को अगस्त में गिरफ्तार किया था। इससे पहले जुलाई में जांच एजेंसी ने मामले में कथित मास्टरमाइंड अभय तिवारी को गिरफ्तार किया था। परीक्षा में अनियमितता के संबंध में दर्ज कांड संख्या 1/2025 की जांच के दौरान CID ने अभय तिवारी के अलावा उसकी पत्नी सुषमा देवी और उसके भाई को भी गिरफ्तार किया है।

कोर्ट ने CID से मांगी केस डायरी
अदालत में जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान जांच से जुड़े दस्तावेजों को महत्वपूर्ण माना गया। इसी क्रम में कोर्ट ने CID से केस डायरी तलब की है। अब अगली सुनवाई में केस डायरी के आधार पर अदालत सुषमा देवी की जमानत याचिका पर सुनवाई करेगी। JSSC CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर दर्ज इस मामले की जांच CID कर रही है। मामले में जांच एजेंसी की कार्रवाई के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी और न्यायिक प्रक्रिया लगातार जारी है।