धनबाद–बोकारो मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। तेलमोचो पुल के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। विपरीत दिशा से आ रहे एक दस चक्का ट्रक और हुंडई क्रेटा कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के दो टायर मौके पर ही टूटकर अलग हो गए, जबकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार दो लोगों में से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान देवेंद्र कुमार के रूप में हुई है। वहीं कार में सवार अजय कुमार तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अजय कुमार तिवारी बोकारो सेक्टर-9 के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को इसकी सूचना दी गई। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है।