द फॉलोअप डेस्क, रांची
Governor News Ramgarh: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज रामगढ़ जिलान्तर्गत राजाबेड़ा, ईचापुरी एवं बरतुआ स्थित एकल अभियान के अंतर्गत संचालित एकल विद्यालयों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों से संवाद कर विद्यालयों की गतिविधियों, बच्चों की शिक्षा तथा स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। राज्यपाल ने कहा कि देश का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इस दिशा में एकल अभियान महत्वपूर्ण प्रयास कर रहा है। विशेषकर दूरस्थ एवं कम आबादी वाले क्षेत्रों में, जहां सरकारी विद्यालयों की उपलब्धता चुनौतीपूर्ण है, वहां एकल विद्यालय शिक्षा की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इन विद्यालयों में बच्चों को शिक्षित करने वाले शिक्षकों के समर्पण एवं योगदान की सराहना की।
.jpeg)
राज्यपाल ने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ने, मेहनत करने, जिज्ञासु बने रहने तथा अपने सपनों के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने राष्ट्रपति के संघर्षपूर्ण जीवन का उल्लेख करते हुए बच्चों से उनके जीवन से प्रेरणा लेने को कहा। उन्होंने कहा कि बच्चे देश की अमूल्य धरोहर हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को नियमित रूप से पढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें तथा उन्हें बाल मजदूरी से दूर रखें। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा और पोषण, दोनों पर ध्यान देना आवश्यक है और सरकार इस दिशा में गंभीर है। शिक्षित एवं सक्षम बच्चे ही समाज और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
.jpeg)