logo

घाटशिला उप चुनाव : अबुआ सरकार का नारा देनेवाली सरकार बबुआ के निर्देश पर चलती हैः बाबूलाल मरांडी

babu10.jpg

द फॉलोअप डेस्क
प्रतिपक्ष के नेता सह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी घाटशिला उप चुनाव को लेकर चुनाव प्रचार को बल प्रदान करने में जुट गए हैं। आज वह धलभूमगढ़ के रावताड़ा और पाणिजिया में हुए पंचायत स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए। कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि घाटशिला की जनता अब पूरी तरह परिवर्तन के मूड में है। झामुमो सरकार की आदिवासी विरोधी और जनविरोधी नीतियों से हर वर्ग त्रस्त है। इस बार घाटशिला की आदिवासी समाज वोट के ज़रिए इस सरकार को करारा जवाब देगी।

उन्होंने चाईबासा घटना का जिक्र करते हुए कहा आदिवासी युवा अपने जायज़ हक़ और मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन हेमंत सोरेन सरकार ने उन निहत्थे युवाओं और महिलाओं पर बेरहमी से लाठीचार्ज कराया और सैकड़ों पर झूठे मुकदमे दर्ज कर दिए। यह सरकार आदिवासियों के नाम पर राजनीति करती है, पर असल में उनकी आवाज़ को कुचलने का काम करती है। मरांडी ने आगे कहा कि हेमंत सोरेन ‘अबुआ सरकार’ का नारा देते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद ‘बबुआ के निर्देश’ पर आदिवासी समाज पर लाठी–गोली चलवाने का काम करते हैं। जनता अब सब समझ चुकी है और आने वाले उपचुनाव में झामुमो सरकार को इसका जवाब देगी। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा भी उपस्थित थे।

Tags - Ghatshila Assembly by-election Babulal Marandi election campaign Babua government not Abua government