logo

JPSC-JSSC प्रकरण पर बनी हाईलेवल कमेटी, 4 मंत्री शामिल; अपर मुख्य सचिव अजय कुमार भी रहेंगे

hemant52.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

JPSC-JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ आंदोलनरत छात्रों से बातचीत करने के लिए हेमंत सोरेन सरकार ने उच्च-स्तरीय कमेटी बनाई है। इस कमेटी में राज्य के 4 मंत्री शामिल हैं। इसमें कांग्रेस की ओर से ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, झामुमो की ओर से उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और समाज कल्याण मंत्री चमरा लिंडा और आरजेडी की तरफ से श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव शामिल हैं। सरकार ने जानकारी दी है कि इस कमेटी की कार्यवाही को सुचारू रूप से जारी रखने के लिए इसमें मुख्य रूप से अपर मुख्य सचिव अजय कुमार को भी शामिल किया गया है। 

बाबूलाल मरांडी ने की छात्रों से मुलाकात
गौरतलब है कि इससे पहले आज सरकार के निर्देश पर एसडीओ और एडीएम लॉ-ऑर्डर ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जाकर छात्रों से बातचीत करने का प्रयास किया था, लेकिन छात्रों की मांग है कि वे खुले मंच पर सरकार से सीधी बातचीत करना चाहते हैं। आज नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी धरनास्थल पर जाकर छात्रों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि छात्रों की सभी मांगें जायज है और भारतीय जनता पार्टी उनका समर्थन करती है। 

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन
5 जुलाई से रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन चल रहा है। छात्रों की मांग है कि 14th JPSC की पीटी परीक्षा, JSSC-CGL परीक्षा और उत्पाद सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा को रद्द करके अनियमितताओं की CBI जांच की जाए। छात्र भविष्य में लीक-प्रूफ परीक्षाओं का आयोजन चाहते हैं और साथ ही चाहते हैं कि आयोगों द्वारा जारी परीक्षा कैलेंडर का पालन किया जाये। 
 

Tags - Jharkhand NewsJPSCJSSC14th JPSC