logo

वित्त मंत्री ने सारे वाहन और सुरक्षा गार्डों को लौटाया, बगैर बॉडी गार्ड के चलने लगे

radha21.jpg

द फॉलोअप, रांची

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अपने सारे सुरक्षा गार्डों को लौटा दिया है। उन्होंने सुरक्षा गार्डों को लेकर चलनेवाले तीन बोलोरो वाहन (कार्केड) को भी लौटा दिया है। अब वह बगैर किसी बॉडी गार्ड के चलने लगे हैं। जानकारी के अनुसार वित्त मंत्री की सुरक्षा के में 16 कमांडो और तीन स्पेशल ब्रांच के पुलिस अधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी थी। उन्होंने वाहनों को अपने वित्त विभाग को लौटा दिया है। वहीं सुरक्षा गार्डों को लौटाने की जानकारी डीजीपी को दे दी है। हालांकि अभी सभी सुरक्षा गार्ड डीजीपी के अगले आदेश की प्रतीक्षा कर रहे हैं और वित्त मंत्री के आवास पर ही रह रहे हैं। वे वित्त मंत्री के साथ नहीं चल रहे हैं।

जानकारी के अनुसार वित्त मंत्री ने दो माह पूर्व डीजीपी को पत्र लिख कर सुरक्षा गार्डों को लेकर चलने के लिए एक वाहन उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। लेकिन दो महीने तक डीजीपी की ओर से कोई जवाब नहीं आया। फिर पुलिस मुख्यालय से उन्हें सूचित किया गया कि सुरक्षा में तैनात तीन वाहनों में से एक को लौटा दिया जाए। यह वित्त मंत्री के लिए असहज स्थिति पैदा कर दिया। इससे गुस्से में आए वित्त मंत्री ने 28 जून को डीजीपी को पत्र लिख कर अपने सुरक्षा वाहनों और गार्डों को लौटा दिया।

Tags - Finance Minister Radhakrishna Kishore returned security guard Jharkhand