logo

मजबूत भाजपा से ही विकसित झारखंड का सपना होगा साकार  : बाबूलाल

WhatsApp_Image_2023-07-16_at_6_18_12_PM.jpeg

द फॉलोअप डेस्क

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने गिरिडीह जिला अंतर्गत तिसरी स्थित वर्णवाल धर्मशाला में मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ टिफिन बैठक में भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए मरांडी ने कहा कि टिफिन बैठक हमारी कार्यपद्धति का अंग है। ऐसे ही छोटी छोटी बैठकों में संपर्क, संवाद और समर्पण के माध्यम से भाजपा सर्वव्यापी, सर्व स्पर्शी ,सर्व समावेशी बनी है। समाज में समरसता को बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि मजबूत भाजपा से ही विकसित झारखंड के सपने को साकार किया जा सकता है। साथ हीं कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। देश की बुनियादी सुविधाओं में गुणात्मक सुधार हो रहे। अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही। स्वावलंबी भारत बनाने के लिए देश की युवाशक्ति को लगातार अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। 

सांस्कृतिक विरासत को भी प्रतिष्ठित

बाबूलाल ने कहा कि विकास के साथ देश के सांस्कृतिक विरासत को भी प्रतिष्ठित किया जा रहा। दुनियां भारत के सांस्कृतिक गौरव को फिर से महसूस करने लगी है। एक तरफ भारत के सर्वांगीण विकास के लिए प्रधानमंत्री लगातार परिश्रम कर रहे वहीं झारखंड के सत्ताधारी नेताओं ने झारखंड को लूट खंड बना दिया है। हेमंत सरकार का लक्ष्य जनता की सेवा करना नही बल्कि झारखंड की संपदा को लूटना और लुटवाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ की मजबूती के साथ आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में देश और प्रदेश में मजबूत भाजपा सरकार बनाने के लिए संकल्पित होने का आह्वान किया। मरांडी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि मोदी सरकार की 9 वर्षों की उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाए। जनता तीसरी बार मोदी सरकार बनाने के लिए संकल्पित है।