logo

झारखंड आएगी कॉकरोच जनता पार्टी, अभिजीत दीपके बोले- हम छात्रों की मांगों का समर्थन करते हैं

CJP.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

कॉकरोच जनता पार्टी 14वीं JPSC पीटी परीक्षा में कथित गड़बड़ी के खिलाफ आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में झारखंड आएगी। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने यह जानकारी दी है। महाराष्ट्र के छत्रपति शिवाजी नगर में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि हमारी पार्टी जरूर झारखंड जाएगी और हम छात्रों की मांगों का समर्थन करते हैं। इससे पहले अभिजीत दीपके आंदोलनरत छात्रों से वीडियो कॉल पर बातचीत करके अपना समर्थन जता चुके हैं। जंतर मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन की अगुवाई करके कॉकरोच जनता पार्टी बड़ी कामयाबी हासिल कर चुकी है। अभिजीत दीपके ने कहा कि हम निश्चित रूप से एक दबाव समूह हैं और हमारी मांगों के आगे झुकते हुए केंद्र सरकार को शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लेना पड़ा था।

 

रांची में बड़ा छात्र आंदोलन जारी है
झारखंड में 14वीं JPSC पीटी परीक्षा में कथित गड़बड़ी समेत JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता के खिलाफ बड़ा आंदोलन जारी है। पिछले करीब 2 हफ्ते से रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्र जुटे हैं और अपनी मांगों के समर्थन में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच छात्रों ने JSSC-CGL, 14वीं JPSC पीटी परीक्षा और उत्पाद सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा को रद्द करने की मांग की है। अभ्यर्थियों की मांग है कि भर्ती परीक्षाएं लीक-प्रूफ हो और इसमें ईमानदारी के साथ पारदर्शिता बरती जाये। 

सीआईडी की मामले में कार्रवाई तेज
झारखंड में जारी छात्र आंदोलन के बीच CID की कार्रवाई जारी है। इस मामले में अब तक 14 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। आयोग के पूर्व चेयरमैन एल खियांग्ते से 4 बार पूछताछ हो चुकी है। बीते सोमवार को 18 ठिकानों पर छापेमारी करके अहम दस्तावेज, डिजिटल उपकरण समेत अन्य साक्ष्य जब्त किए गए हैं, जिनकी समीक्षा की जाएगी। 

Tags - Jharkhand NewsJPSCCockroach Janta PartyJharkhand