रांची
झारखंड में लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे 1042 चयनित सहायक आचार्यों के लिए सोमवार का दिन खास होने वाला है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राजधानी रांची के खेलगांव स्थित इंडोर टाना भगत स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इसके साथ ही राज्य के विभिन्न जिलों में इन शिक्षकों की पदस्थापन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।
प्राथमिक और मध्य विद्यालयों के लिए चयनित इन शिक्षकों की नियुक्ति विभिन्न विषयों में की जा रही है। इनमें भाषा, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के अभ्यर्थी शामिल हैं। विभाग के अनुसार, इस चरण में सर्वाधिक नियुक्तियां पलामू जिले में की जा रही हैं, जबकि कई अन्य जिलों में भी आवश्यकता के अनुसार शिक्षकों की तैनाती की जाएगी।
.jpeg)
नियुक्तियों से सरकारी स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था मजबूत होगी
राज्य सरकार का कहना है कि विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए नियुक्ति प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ाई जा रही है। इससे पहले भी हजारों शिक्षकों को नियुक्ति दी जा चुकी है और शेष रिक्त पदों पर भी चरणबद्ध तरीके से बहाली की कार्रवाई जारी है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, नियुक्ति पत्र मिलने के बाद अभ्यर्थियों को निर्धारित समय के भीतर संबंधित जिलों में योगदान देना होगा। सरकार का मानना है कि नई नियुक्तियों से सरकारी स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था मजबूत होगी और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।