logo

एक्सक्लूसिव : झारखंड की सभी NH सड़कों को केंद्र अपने जिम्मे लेगा, कई हाईवे NHAI को सौंपने का फैसला

NH1.jpg

द फॉलोअप, रांची

झारखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों (NH) के रखरखाव और निर्माण को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने राज्य में 10 हजार से अधिक PCU ट्रैफिक वाले राष्ट्रीय राजमार्गों की समीक्षा के बाद कई सड़कों को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को सौंपने का निर्णय लिया है। मंत्रालय की ओर से 21 अगस्त 2026 को झारखंड के मुख्य सचिव और NHAI चेयरमैन को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि 29 जून 2026 को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में दिए गए निर्देशों के आधार पर इन सड़कों की दोबारा समीक्षा की गई।

पूरे झारखंड के NH राज्य से वापस लेने पर भी विचार

केंद्र सरकार ने पत्र में एक और महत्वपूर्ण बात कही है। मंत्रालय झारखंड सरकार से पूरे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क को वापस लेकर उन्हें MoRTH के PIU के माध्यम से निष्पादित कराने के विकल्पों पर भी विचार कर रहा है। यानी आने वाले समय में झारखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण और रखरखाव की जिम्मेदारी राज्य सरकार से हटाकर केंद्र की एजेंसियों को देने का दायरा और बढ़ सकता है। मंत्रालय के अवर सचिव शोभा बसिल के हस्ताक्षर से जारी पत्र में कहा गया है कि उपरोक्त निर्णय सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी से लिए गए हैं

NH-20 का बड़ा हिस्सा NHAI को मिलेगा

फैसले के मुताबिक NH-20 को तत्काल NHAI को सौंपा जाएगा। हालांकि किमी 116 से 176 तक का हिस्सा, जहां वर्तमान में काम चल रहा है, फिलहाल अलग रहेगा। इस हिस्से के चल रहे काम के पूरा होने के बाद NHAI को सौंपने की बात कही गई है।

NH-139, NH-522 और NH-114A भी NHAI को

मंत्रालय ने NH-139, NH-522 और NH-114A को भी तत्काल NHAI को सौंपने का निर्णय लिया है। पत्र में इसके पीछे वजह बताई गई है कि इन सड़कों पर फिलहाल कोई काम प्रगति पर नहीं है।

NH-220 राज्य PWD के पास रहेगा

वहीं NH-220 को फिलहाल राज्य के पथ निर्माण विभाग (PWD) के पास ही रखने का फैसला किया गया है।

इसके अलावा NH-419 के किमी 49 से 65 और NH-133 के किमी 93 से 131 तक के हिस्से का काम आगे भी PIU धनबाद, MoRTH के माध्यम से कराया जाएगा।

 

 

 

 

Tags - Jharkhand NH Centre NHAI