बोकारो:
बोकारो में 11 दिन से लापता महिला का जंगल में शव मिला है। वारदात पिंड्राजोरा थानाक्षेत्र अंतर्गत मोहनडीह-बलियाबाद जंगल की है जहां महिला की लाश कब्र खोदकर निकाली गई। शव काफी खराब हालत में मिला है। घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची से फॉरेसिंक की टीम पहुंची और साक्ष्य इकट्ठा किया। मृतका की पहचान सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के डांगरा भट्ठा टोला निवासी केशोवती देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि 4 सितंबर को वह मजदूरी करने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इसके बाद उसके बेटे ढुल्लू शर्मा ने सेक्टर-12 थाने में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई और अपनी मां की तलाश की मांग की।

साथी मजदूर ने कबूली हत्या की बात
पुलिस महिला की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में उसके साथ काम करने वाले 2 मजदूरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, इनमें मोहनडीह निवासी मुस्तकीम अंसारी ने कथित तौर पर महिला की हत्या करने और शव को जंगल में छिपाने की बात स्वीकार की। सिटी डीएसपी राजीव रंजन के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह महिला को मोहनडीह स्थित जंगल में लेकर गया था, जहां 4 सितंबर को कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को जंगल में छिपा दिया गया। पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर को जमीन की खुदाई कर शव को दफना दिया गया था।

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बरामद किया शव
मुस्तकीम अंसारी की निशानदेही पर पुलिस टीम बलियाबाद जंगल पहुंची। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जमीन की खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार, शव काफी क्षत-विक्षत अवस्था में था और जानवरों द्वारा शव को नुकसान पहुंचाए जाने की बात भी सामने आई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। वहीं, रांची से पहुंची एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य और नमूने जुटाए हैं।
.jpeg)
जंगल से महिला का शव बरामद किया गया है
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह क्या थी और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। वहीं, मृतका के बेटे ढुल्लू शर्मा ने बताया कि मां के लापता होने के बाद उसने थाने में सनहा दर्ज कराया था। कई दिनों की तलाश के बाद अब पुलिस ने जंगल से उसकी मां का शव बरामद किया है।