द फॉलोअप डेस्क, रांची
BJP NEWS JHARKHAND: इंडिया गठबंधन और खास कर कांग्रेस द्वारा एसआईआर के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने के लिए चलाए जा रहे अभियान को काउंटर करने के लिए रांची में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा का आयोजन किया गया। मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से बिरसा मुंडा चौक तक पदयात्रा निकाली गयी। बिरसा मुंडा संग्रहालय परिसर स्थित बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी। इसमें रांची के विभिन्न मंडलों और स्थानीय नेताओं ने शक्ति प्रदर्शन का भी इजहार किया। प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल न सिर्फ इस पदयात्रा में शामिल हुए बल्कि नेताओं के जनाधार को आंकते भी गए। केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम भी पदयात्रा में शामिल होकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। इस पूरे कार्यक्रम का निचोड़ यह दिखा कि भाजपा ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार से कहीं अधिक लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस पर प्रहार किया। भाजपा के टार्गेट में झामुमो की जगह कांग्रेस रही।

नेताओं ने कांग्रेस को नौटंकी का आर्टिस्ट बातया, एसआईआर को जायज ठहराया
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही रहेंगे। राहुल गांधी को देश की जनता अस्वीकार कर चुकी है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि एसआई का उद्देश्य ही बंगलादेशी घुसपैठियों को वोट के अधिकार से वंचित करना है। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कांग्रेस को नौटंकी आर्टिस्ट की संज्ञा विभूषित किया। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहु का कहना था कि इंडिया गठबंधन जनता को गुमराह कर रही है। राहुल गांधी सात जनम में भी पीएम नहीं बन सकेंगे। इस क्रम में नेताओं दावा किया कि मोदी कहीं नहीं जा रहे हैं। कांग्रेस को अगर ईवीएम पर भरोसा नहीं है तो अपने 99 सांसदों से इस्तीफा ले लेना चाहिए। हर बड़े भाजपा नेतात ने कांग्रेस द्वारा किए जा रहे एसआईआर के विरोध की जनकर निंदा की। आगे कहा कि कांग्रेस चाहती ही है कि यहां विदेशी वोट करें। दबे स्वर में झारखंड सरकार की नाकामियों की चर्चा की गयी। आरोप लगाया गया कि झारखंड में व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। महिलाएं सुरक्षित नहीं है। विकास के काम बाधित हैं। इस क्रम में भानू प्रताप शाही ने चुटकी भी ली कि 1 नवंबर को रामलीला मैदान में हेमंत सोरेन को खोजा जा रहा था। लेकिन वे नहीं मिले। अब क्या कारण है, यह झामुमो और कांग्रेस बताए।
सरयू राय भी शामिल हुए
भाजपा के इस कार्यक्रम का नया संदेश यह भी रहा कि जदयू विधायक सरयू राय भी इसमें शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जिस तरह चुक्कड़ में हाथी को नहीं कसा जा सकता, उसी तरह रामलीला मैदान में 10 लाख लोगों को खड़ा नहीं किया जा सकता। लेकिन कांग्रेस ने यह काम कर दिखाया।
