पश्चिमी सिंहभूम:
पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनपोखरी गांव के मुंडा टोला में मिले संदिग्ध विस्फोटक को भारतीय सेना की बम निरोधक दस्ता टीम ने शुक्रवार को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार, 23 जून 2026 को ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने खेत से बमनुमा संदिग्ध विस्फोटक बरामद किया था। विस्फोटक की लंबाई लगभग 56 सेंटीमीटर, व्यास 42.5 सेंटीमीटर और वजन करीब 20 से 25 किलोग्राम बताया गया। इसकी गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर इसे सुरक्षित स्थान पर रख दिया था।
मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक को दिये जाने के बाद पूरे घटनाक्रम की निगरानी की गयी और भारतीय सेना की BDS टीम को बुलाया गया।

सुरक्षा मानकों का पालन कर किया निष्क्रिय
शुक्रवार को चाईबासा के अपर पुलिस पदाधिकारी, मनोहरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी, मनोहरपुर, अंचलाधिकारी, स्थानीय मुखिया और ग्राम प्रधान की मौजूदगी में सेना की विशेषज्ञ टीम ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विस्फोटक को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर नियंत्रित विस्फोट के माध्यम से नष्ट कर दिया।

विस्फोटक कैसे पहुंचा, जांच में जुटी पुलिस
अधिकारियों के अनुसार, पूरी कार्रवाई अत्यंत सावधानी और विशेषज्ञता के साथ संपन्न की गयी। ऑपरेशन के दौरान आसपास के क्षेत्र को खाली कराकर ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया था। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि इतना भारी विस्फोटक क्षेत्र में कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं। सुरक्षा एजेंसियां सभी पहलुओं पर जांच में जुटी हैं।