द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Jharkhand News: पलामू जिले में होमगार्ड एवं चौकीदार बहाली (Recruitment of Home Guards and Watchmen) की मांग को लेकर छात्र नेता सत्यनारायण शुक्ला ने पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत (Palamu DC) से मुलाकात की। उनके साथ आशीष पांडेय, अंकुर तिवारी, विकास पासवान सहित छात्र भी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने डीसी के सामने अपनी समस्याओं को रखते हुए कहा कि इस बहाली की प्रतीक्षा में पिछले दो वर्षों से छात्र लगातार परेशान हैं। बहाली में देरी के कारण हजारों युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अभ्यर्थियों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द बहाली प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की।

दो वर्षों से अभ्यर्थी बहाली की उम्मीद
मुलाकात के दौरान उपायुक्त की ओर से अभ्यर्थियों को आश्वासन दिया गया कि होमगार्ड एवं चौकीदार बहाली से संबंधित विज्ञापन दिसंबर के दूसरे सप्ताह तक जारी करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। छात्र नेता सत्यनारायण शुक्ला ने कहा कि पलामू के बेरोजगार युवाओं का भविष्य (Future of Unemployed Youth) हमारी प्राथमिकता है। पिछले दो वर्षों से अभ्यर्थी बहाली की उम्मीद में इंतजार कर रहे हैं।

अभ्यर्थियों के हितों के लिए संघर्ष जारी रहेगा
उनकी आवाज को प्रशासन तक पहुंचाना और उन्हें न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों के हितों के लिए संघर्ष जारी रहेगा। युवाओं को उनका अधिकार दिलाने तथा बहाली प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए छात्र संगठन लगातार प्रयास करता रहेगा। सत्यनारायण शुक्ला ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन (District Administration) के आश्वासन के अनुरूप जल्द विज्ञापन जारी होगा और पलामू के युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा।