द फॉलोअप डेस्क:
Under 14 Cricket Tournament: रांची (Ranchi) के प्रभात तारा मैदान में आयोजित रांची जिला अंडर-14 (Under 14) मेन्स स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट (Cricket Tournament) में टेंडर हार्ट स्कूल (Tender Heart School) ने शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में टेंडर हार्ट ने कैराली स्कूल को 184 रनों से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टेंडर हार्ट की टीम ने निर्धारित 35 ओवरों में 268 रन बनाए। टीम की ओर से मैन ऑफ द मैच आयुष भारती ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 108 रनों की शतकीय पारी खेली। वहीं, गौरव कुमार ने 59 रन बनाने के साथ गेंदबाजी में भी एक विकेट हासिल किया।

अनिरुद्ध और जय की घातक गेंदबाजी, 84 रनों पर सिमटी कैराली की टीम
269 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैराली स्कूल की टीम टेंडर हार्ट के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 84 रनों पर ऑलआउट हो गई। टेंडर हार्ट की ओर से अनिरुद्ध नाथ शाहदेव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके, जबकि जय ने तीन विकेट हासिल किए। इस जीत पर टेंडर हार्ट स्कूल के चेयरमैन सुधीर तिवारी ने पूरी टीम को बधाई दी और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने आगामी मुकाबलों में भी इसी उत्साह और टीम भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। वहीं, विद्यालय की प्राचार्या उषा किरण झा, उपप्राचार्या शिवांगी शुक्ला सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने टीम को जीत की बधाई देते हुए आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।