logo

झारखंड के कई शहरों का तापमान 32 के पार, 34 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा सरायकेला खरसावां 

ूासज13.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड के मौसम में लगातार बदलाव हो रहे हैं। अभी मौसम का यह बदलाव जारी रहेगा। बसंत पंचमी के बाद से ही सर्दी कम होने लगती है। झारखंज के मौसम पर भी इसका असर आगामी दिनों में दिखाई देने वाला है। मौसम केंद्र रांची ने मौसम अपडेट में अगले 24 घंटों तक राज्य के न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव नहीं होने की बात कही है। उसके बाद आगमी दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 02 से 03℃ की बढ़ोतरी होगी। मौसम केंद्र रांची के अनुसार उसके बाद के दो दिनों में फिर न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 4℃ तक की गिरावट हो सकती है। 


बसंत पंचमी के दिन राज्य के ज्यादातर जिलों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रिकॉर्ड हुआ है।  सोमवार को राज्य भर का सबसे कम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस गुमला जिला में रिकॉर्ड किया गया। जबकि राज्य का अधिकतम तापमान 34.2℃ सरायकेला खरसावां जिले का रहा। सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक था। जबकि पिछले 24 घंटे में 1.3 डिग्री की गिरावट आई। वहीं न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा लेकिन 24 घंटे में 1.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। पूर्वी सिंहभूम और सिमडेगा का तापमान 32 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं प. सिंहभूम का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 


मौसम केंद्र रांची के अनुसार 04-05 फरवरी को सुबह में कोहरा बनने के बाद आंशिक बादल बनने की संभावना है। 04 फरवरी को रांची और आसपास के इलाकों में तापमान 15℃ से 29℃ के बीच रहने की संभावना है। वहीं 06 से 09 फरवरी तक राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। दिन की शुरुआत कोहरे और धुंध से होगी तत्पश्चात आसमान साफ हो जाने की संभावना है। इधर मौसम विज्ञान केंद्र रांची का पूर्वानुमान है कि 15 फरवरी से लोगों को गर्मी का एहसास होने लगेगा।