द फॉलोअप डेस्क
बिहार के उप मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार तेजस्वी यादव शनिवार को भगवान बिरसा मुंडा की धरती रांची पहुंचे। वे 12 फरवरी रविवार को रांची के हरमू स्थित कार्निवाल हॉल में आयोजित राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ता मिलन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। जहां तेजस्वी यादव पार्टी के नेताओं और कार्यकर्तओं को संबोधित करेंगे। वहीं, रांची एयरपोर्ट पर सैंकड़ों की संख्या में राजद के कार्यकर्ताओं ने तेस्जवी का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी करेंगे मुलाकात
रांची एयरपोर्ट में मीडिया से तेजस्वी यादव ने बताया कि इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले सभी विपक्षी दलों को गोलबंद करेंगे और एक साथ चुनाव लड़ेंगे। तेजस्वी ने कहा कि सभी पार्टियां चाहती है कि ज्यादा से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़े। लेकिन, जिस क्षेत्र में जो पार्टी मजबूत है वहां उस पार्टी को मौका मिलना चाहिए। इससे हम अपनी ताकत को बढ़ा सकते हैं। तभी मजबूती के साथ चुनाव लड़ने में सक्षम होंगे। इस मौके पर राजद के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व मंत्री श्याम रजक, झारखंड राजद के प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण, राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी, झारखंड राजद के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव, प्रधान महासचिव संजय प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रंजन कुमार यादव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह, मुख्य प्रवक्ता डॉ मनोज कुमार, खटाल प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष गौरी शंकर यादव, फिरोज अंसारी, इरफान अहमद अंसारी, विशु विशाल, मंतोष यादव समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT