द फॉलोअप डेस्क
पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा के मटिहाना पंचायत अंतर्गत कोटशोल गांव में बुधवार को एक 17 वर्षीय किशोरी का शव घर के पास पेड़ से लटका मिला है। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान गुलाब मांडी की पुत्री जोवा मांडी के रूप में हुई है। किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने न केवल परिवार को झकझोर दिया, बल्कि ग्रामीणों के बीच भी कई सवाल खड़े कर दिये हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जोवा मांडी का शव घर के समीप एक पेड़ से उसके ही दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका हुआ पाया गया। परिजनों की नजर पड़ते ही घर में कोहराम मच गया। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये। इसके बाद घटना की सूचना मिलते ही बहरागोडा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, हालांकि अब तक आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, जोवा सामान्य स्वभाव की किशोरी थी। उसकी मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन परिजन सदमे में होने के कारण कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा और आगे की कार्रवाई की जायेगी।