जमशेदपुर
जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के कलियाडीह गौशाला के पीछे कैनाल से 26 जुलाई को बरामद किरण देवी के शव मामले की मिस्ट्री पुलिस ने सुलझा ली है। परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, लगातार पूछताछ और फॉरेंसिक जांच के आधार पर महज छह दिनों के भीतर इस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझा ली। जांच में स्पष्ट हुआ कि किरण देवी की मौत पानी में डूबने से नहीं, बल्कि गला दबाकर हत्या किये जाने से हुई थी। इस मामले में पुलिस ने मृतका के लिव-इन पार्टनर एवं पोटका थाना क्षेत्र के हाता निवासी दशमत बास्के को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में मामला पानी में डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम और तकनीकी साक्ष्यों ने पूरी कहानी बदल दी। मामले का आधिकारिक खुलासा रविवार को किये जाने की संभावना है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी दशमत बास्के तीन बच्चों का पिता है और वर्ष 2018 से किरण देवी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था।

किरण को कैनाल के पास बुलाया
पूछताछ में उसने बताया कि किरण देवी लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी विवाद से तंग आकर आरोपी ने पहले से हत्या की योजना बनायी और वारदात को अंजाम दिया। जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन आरोपी ने अपने एक परिचित के माध्यम से किरण देवी को कैनाल के पास बुलवाया। वहां दोनों नहाने के बहाने पानी में उतरे, जहां आरोपी ने गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद वारदात को दुर्घटना या किसी अन्य अपराध का रूप देने की कोशिश में महिला के कपड़े कैनाल से कुछ दूरी पर एक पेड़ के पास फेंक दिये। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका के कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। इस ब्लाइंड मर्डर की जांच में पुलिस ने मृतका के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), उसके संपर्कों और घटनास्थल के आसपास उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। पुलिस को महिला के घर से निकलने का सीसीटीवी फुटेज भी मिला, जिसने जांच को नयी दिशा दी। इन्हीं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।

2018 से लिव-इन रिलेशनशिप में
परिजनों के मुताबिक, 26 जुलाई की सुबह करीब 4:30 बजे किरण देवी बिना किसी को बताये घर से निकली थी। वह अपना मोबाइल फोन भी घर पर छोड़ गयी थीं। उसी दिन उनके छोटे भाई की कदमा स्थित केएफ-2 फ्लैट में सगाई का कार्यक्रम था और वह मायके में रह रही थी। कुछ घंटों बाद कैनाल से उनका शव बरामद होने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जतायी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि किरण देवी की पहले तीन शादियां हो चुकी थीं। पहली शादी सोनारी निवासी व्यक्ति से हुई थी, जिसके बाद दोनों का तलाक हो गया। दूसरे पति ने आत्महत्या कर ली थी, जबकि तीसरी शादी छत्तीसगढ़ निवासी सुंदर प्रसाद से हुई थी, जिनसे उनका एक पुत्र है। वर्ष 2018 से वह दशमत बास्के के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।