logo

सचिवालय का सच : वर्क कल्चर में सुधार की बात, बुरी बात

वर्क कल्चर में सुधार की बात, बुरी बात

द फॉलोअप डेस्क

शायद आपको मालूम होगा। आजादी के बाद सरकारी काम-काज कैसे हो, इसके लिए बिहार ने रुल्स ऑप एग्जक्युटिव बिजनेस ( कार्यपालिका नियमावली) बनाया था। बिहार का रुल्स ऑफ एग्जक्युटिव बिजनेस इतना समृद्ध और व्यवहारिक था, जिसे देश के आधे से अधिक राज्यों ने अपने यहां लागू किया। लगभग वही रुल्स ऑफ एग्जक्युटिव बिजनेस झारखंड में भी लागू हुआ और है। राज्य सरकार के काम काज का यह संविधान स्वरूप है। उसी तरह बिहार के द्वारा निर्मित सचिवालय अनुदेश आज भी झारखंड में लागू है, जिसमें समयानुकूल सुधार की कवायद  पिछले कई महीनों से जारी है। रुल्स ऑफ एग्जक्युटिव बिजनेस हो या सचिवालय अनुदेश, ये सरकारी काम-काज में पारदर्शिता के साथ साथ सुधार की दिशा भी दिखाता है। इसी अनुदेश में सचिवालयी कार्य पद्धति में उतरोत्तर सुधार के कायदे बताए गए हैं। वर्क कल्चर बनाये रखने की दिशा दी गयी है। उसी में एक ऑपरेशन एंड मेटेनेंस, जैसी परंपरा भी निर्धारित की गयी है। इसके लिए अनुदेश में सचिवालयी व्यवस्था के सुचारू संचालन के नियम बने हैं।


इस नियम के तहत सचिवालय में काम काज कैसे हो रहे हैं। क्या किए जाने हैं। कौन क्या कर रहा है। क्या करना है। सबकी समीक्षा के प्रावधान हैं। बिहार के समय से सचिवालयों में इस परंपरा का पालन होते रहा। अलग झारखंड राज्य बनने के बाद भी 2004-2005 तक इस पर अमल हुआ। सप्ताह और 15 दिनों पर उप सचिव तथा निबंधक के स्तर पर विभागीय कार्यों की नीचले स्तर पर समीक्षा होती रही। उसमें यह देखा जाता रहा कि लॉग बुक भरा गया कि नहीं, किस कनीय अधिकारी या कर्मचारी ने कितने दिनों तक किस फाइल को अपने पास रखे रखा। किसने किस काम को किस तरह लटकाया। किसने फाइल पर नियम विरुद्ध और नियम संगत लिखा। फिर रजिस्ट्रार के द्वारा सौंपी गयी आधिकारिक जानकारी के आधार पर विभागीय प्रमुख के नाते सचिव भी महीने में एक बार इसकी समीक्षा करते रहे। लेकिन धीरे धीरे एक सुनियोजित ढंग से इसे व्यवस्था को पंगु बनाया जाने लगा। फिर धीरे धीरे समीक्षा की यह व्यवस्था ही समाप्त कर दी गयी। अब कौन किस काम के लिए जिम्मेदार है और कौन क्या कर रहा है, यह सचिवालय के शीर्ष स्तर पर ही तय नहीं है। अब बताने की जरूरत नहीं कि सरकारी काम काज में पारदर्शिता की राग अलापने वाले, गला फाड़-फाड़ कर भ्रष्टाचार मिटाने की बात करनेवाले मौन क्यों हैं। कौन लोग हैं जो सुधारात्मक कदम के आगे लक्ष्मण रेखा खींच डाले हैं। व्यवस्था को पंगु बना कर उसका लाभार्थी बन बैठे हैं।

Tags - Secretariat Jharkhand rules and laws working methods reforms transparency