जमशेदपुर:
Jamsedpur News: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थानांतर्गत बाराद्वारी फुलबस्ती में गुरुवार देर रात हुई फायरिंग की घटना में शामिल दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस ने साकची मस्जिद के पीछे रहने वाले उसमायलु और काशीडीह निवासी कोदू को वारदात के दो घंटे के भीतर दबोच लिया। दोनों की निशानदेही पर फायरिंग में इस्तेमाल पिस्तौल, एक जिंदा गोली और वारदात में प्रयुक्त सफेद रंग की स्कूटी भी बरामद की गयी है। घटनास्थल से पुलिस को तीन खोखे भी मिले हैं। वहीं, गोलमुरी टुइलाडूंगरी निवासी दशरथ शुक्ला को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
.jpeg)
आपसी रंजिश में फायरिंग की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में फायरिंग की वजह आपसी रंजिश सामने आयी है। मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर शाम ओल्ड बाराद्वारी निवासी मो. राजा और उसमायलु के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद गोली चालन की घटना को अंजाम दिया गया। वहीं, सूचना मिलते ही सीतारामडेरा पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी कर वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। जिनकी निशानदेही पर फायरिंग में इस्तेमाल पिस्तौल, जिंदा गोली और स्कूटी बरामद कर ली। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
.jpeg)
एसएसपी और सिटी एसपी पहुंचे थाना, ली घटना की जानकारी
इधर, फायरिंग की सूचना मिलने के बाद एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब और सिटी एसपी ललित मीना दोनों देर रात सीतारामडेरा थाना पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने थाना में पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर घटना की जानकारी ली और रात में होने वाले अपराधों पर नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। अधिकारियों ने मामले की जांच और आरोपियों से पूछताछ के संबंध में भी जानकारी ली।
.jpeg)
साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग की साजिश में और कौन लोग शामिल थे और आरोपियों के पास हथियार कहां से आया। हिरासत में लिये गये दशरथ शुक्ला से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस दोनों गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और पूर्व की गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है।