logo

मंईयां सम्मान की राशि को लेकर लड़े दंपति, फिर संदिग्ध हालत में मिला पत्नी का शव

मंईयां सम्मान की राशि को लेकर लड़े दंपति, फिर संदिग्ध हालत में मिला पत्नी का शव

महागामा/गोड्डा:

Jharkhand News: गोड्डा में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई (Suspicious death of women in Godda)। उसका शव कमरे में फंदे से झूलता मिला। फर्श पर कपड़ा जलाए जाने का निशान था। मृतका की पहचान 28 वर्षीय प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कथित तौर पर मृतका का पति के साथ मंईयां सम्मान योजना (Maiyan Samman Scheme) की राशि को लेकर विवाद हुआ था। मृतका के पिता का आरोप है कि दामाद ने मंईयां सम्मान योजना की राशि से मोबाइल फोन खरीद लिया था। पूरी घटना महागामा थानाक्षेत्र अंतर्गत मोहानी गांव (Mohani Village of Mahagama) की है।

प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या माना जा रहा था, लेकिन मृतका के पिता ने दामाद और बेटी के ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस, दोनों एंगल से मामले की जांच करेगी। 

मंईयां सम्मान की राशि को लेकर हुआ विवाद
गौरतलब है कि मृतका प्रियंका कुमारी अपने पीछे पति सुनील साह और 6 वर्ष से कम आयु के 3 बच्चों को छोड़ गई है। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के पिता बिट्टू साव ने दावा किया है कि मंईयां सम्मान योजना की राशि को लेकर बेटी-दामाद में विवाद हुआ था। उनका आरोप है कि योजना की राशि से दामाद ने मोबाइल खरीद लिया था, जिसका बेटी ने विरोध किया था। बिट्टू साव का आरोप है कि विरोध करने पर उनकी बेटी के साथ मारपीट की गई और उसकी हत्या करके शव को फंदे से लटका दिया गया, ताकि वारदात आत्महत्या लगे।

संदिग्ध हालत में फंदे से झूलता मिला शव 
दूसरी ओर मृतका प्रियंका कुमारी के ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि सुनील खेतों में धान की कटाई करने गया था। घर पर प्रियंका और बच्चे थे। इस बीच किसी ने सुनील को बताया कि प्रियंका का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला है। कमरे के फर्श पर कपड़ा जलाए जाने का निशान क्यों है, इसकी भी जांच होना जरूरी है। मृतका के पिता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस के सामने यह पता लगाने की चुनौती है कि प्रियंका ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या की गई है।  

पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या बताया
महागामा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों, पारिवारिक विवाद और मायके पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच करेगी। महागामा थाना प्रभारी अभिनव आनंद ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला ही प्रतीत होता है। हालांकि, पुलिस किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं करेगी। सभी एंगल से जांच करेगी। 
 

Tags - JharkhandGodda NewsWomen SuicideCrime NewsMaiyan Samman Scheme