logo

सूरज नायक की संदिग्ध मौत, फाइनेंस कंपनी पर आरोप; सड़क जाम कर ग्रामीणों का प्रदर्शन

ेहीोर3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित स्मार्ट सिटी परिसर में पेड़ से लटका मिला सूरज नायक का शव अब विवाद का विषय बन गया है। युवक की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला है। उनका कहना है कि एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी और मैनेजर लगातार सूरज पर किस्त को लेकर दबाव बना रहे थे। आरोप है कि वे घर पहुंचकर गाली-गलौज और धमकी भी देते थे, जिससे युवक मानसिक रूप से काफी परेशान था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया विरोध प्रदर्शन
युवक की मौत के विरोध में सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण सेक्टर-3 शालीमार बाजार के पास जुट गए और प्रोजेक्ट भवन जाने वाली मुख्य सड़क को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सड़क जाम के कारण इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। कई स्कूल बसें, सरकारी वाहन और बड़े अधिकारियों की गाड़ियां भी जाम में फंस गईं, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।


फाइनेंस कंपनी पर कार्रवाई की मांग, जांच में जुटी पुलिस
प्रदर्शन कर रहे परिजनों और ग्रामीणों ने फाइनेंस कंपनी के संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार प्रताड़ना और दबाव के कारण ही सूरज नायक की मौत हुई है। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
 

Tags - Ranchi Dhurwa Protest Jharkhand Crime