रांची
आजसू पार्टी (AJSU Party) के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो (Sudesh Kumar Mahto) ने सिमडेगा (Simdega) की नाबालिग बच्ची से जुड़े कथित दुष्कर्म मामले को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड (Jharkhand) में बेटियों की सुरक्षा चिंता का विषय बन गई है। पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत गंभीर आरोप कांग्रेस विधायक (Congress MLA) पर है, लेकिन कार्रवाई आरोपी के बजाय खबर उजागर करने वाले पत्रकारों पर होती दिखाई दे रही है। सुदेश कुमार महतो ने कहा कि भारतमित्र चैनल के कार्यालय में बिना सर्च वारंट पुलिस के प्रवेश और साक्ष्य नष्ट करने के प्रयास के आरोप बेहद गंभीर हैं। वहीं, पीड़िता को कथित तौर पर आरोपी विधायक के आवास पर ले जाने और परिजनों के माध्यम से दबाव बनाने की शिकायतों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। सवाल है कि सरकार पीड़िता को न्याय दिलाना चाहती है या प्रभावशाली लोगों को संरक्षण देना?

बयान दबावमुक्त वातावरण में दर्ज कराया जाए
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उसका बयान पूरी तरह दबावमुक्त वातावरण में दर्ज कराया जाए। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, सभी साक्ष्य सुरक्षित रखे जाएं और आरोपी विधायक सहित दोषी पाए जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर कठोर कानूनी कार्रवाई हो। पत्रकारों को डराने तथा जांच में बाधा डालने के आरोपों की स्वतंत्र जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की जाए।

सत्ता किसी को कानून से ऊपर नहीं बनाती
आगे उन्होंने कहा कि सरकार को याद रखना चाहिए कि सत्ता किसी को कानून से ऊपर नहीं बनाती। न किसी विधायक का पद कार्रवाई की ढाल बन सकता है और न पुलिस की वर्दी जवाबदेही से बचने का माध्यम। सवाल उठाने वाले पत्रकारों को डराने के बजाय सरकार को जवाब देना चाहिए। क्योंकि एक बेटी का सम्मान और उसे न्याय दिलाना किसी सरकार, विधायक या राजनीतिक दल की प्रतिष्ठा से कहीं बड़ा है। आजसू पार्टी की आवाज तब तक बुलंद रहेगी, जब तक झारखंड की पीड़ित बेटी को न्याय और दोषियों को सजा नहीं मिल जाती।
.jpeg)