logo

हैदराबाद में गूंजी झारखंड की पहचान, स्थापना दिवस समारोह में सुदेश महतो ने बढ़ाया एकता का संदेश

SUDESH0029.jpg

रांची 

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आयोजित झारखंड एकता समाज के स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू प्रमुख सुदेश महतो शामिल हुए। अपने संबोधन में सुदेश महतो ने कहा कि परदेश में भी झारखंड की पहचान, भाषा–संस्कृति और सामाजिक समरसता को सशक्त बनाने की यह पहल निरंतर नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि तेलंगाना में बसे झारखंड के सभी परिवार, हमारे अपने परिवार हैं। उनके सुख-दुख, सम्मान और प्रगति के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।


झारखंडवासियों से आह्वान किया
उन्होंने झारखंड से बाहर रह रहे सभी झारखंडवासियों से आह्वान किया कि वे अपनी पेशेवर प्रतिभा के साथ-साथ झारखंड की समृद्ध कला, संस्कृति, भाषा और परंपराओं के प्रचार-प्रसार के भी सशक्त दूत बनें, ताकि देशभर में झारखंड की विशिष्ट पहचान और अधिक सुदृढ़ हो। उन्होंने कहा कि झारखंड एकता समाज द्वारा उन्हें दिया गया सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि झारखंड की संस्कृति, भाषा, परंपरा और सामाजिक एकता के प्रति समाज के अटूट विश्वास और गौरव का प्रतीक है। झारखंडी एकता समाज के अध्यक्ष विनोद यादव तथा महासचिव किशोर कुमार ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इससे पूर्व हैदराबाद पहुंचने पर पर झारखंडी एकता समाज के सदस्यों ने एयरपोर्ट पर सुदेश महतो का उत्साह, आत्मीयता और जोश के साथ भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।

Tags - Sudesh Mahato Hyderabad Jharkhand Ekta Samaj Telangana Jharkhand