द फॉलोअप डेस्क
आजसू पार्टी द्वारा कल गुरुवार को खरसावां गोलीकांड स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया है, जहां 1 जनवरी 1948 को ओडिशा पुलिस ने गोलियां बरसा कर हजारों आदिवासियों को मार डाला था। श्रद्धांजलि सभा में पार्टी प्रमुख और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो शामिल होंगे और खरसावां गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उनके साथ पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष द्वय प्रवीण प्रभाकर, हसन अंसारी, महासचिव हरेराम महतो, सागेन हांसदा, स्वप्न सिंह देव समेत कई नेता खरसावां पहुंचेंगे और शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे।
श्री प्रभाकर ने बताया कि कि झारखंड आंदोलन काल से ही आजसू द्वारा प्रत्येक वर्ष एक जनवरी को खरसावां गोलीकांड स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाता रहा है। आजसू कार्यकर्ताओं ने इस मौके पर झारखंड अलग राज्य के समर्थन में अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्र जलाकर विरोध भी जताया था। श्री प्रभाकर ने कहा कि 15 दिसंबर 1947 को खरसावां और सरायकेला का विलय ओडिशा राज्य में कर दिया गया था, जिसके विरोध में खरसावां में हजारों आदिवासी–मूलवासी निवासियों ने एक जनवरी 1948 को प्रदर्शन किया था। ओडिशा पुलिस द्वारा निहत्थे झारखंडियों पर गोली चला कर हजारों लोगों को मार डाला गया था। इस कांड को झारखंड का जलियांवाला बाग कांड भी कहा जाता है। इसके बाद खरसावां और सरायकेला तथा अन्य इलाकों का ओडिशा में विलय का प्रस्ताव टालना पड़ा था।
.jpg)