जामताड़ा:
Jamtara News: झारखंड के सरकारी स्कूलों में अब पढ़ने वाले विद्यार्थियों की शिक्षा में बिजली कटौती अब बाधा नहीं बनेगी। राज्य के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने संताल परगना प्रमंडल के सभी छह जिलों के 680 सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों को सौर ऊर्जा से रोशन करने की बड़ी पहल की है। इन सभी स्कूलों की छतों पर मार्च 2027 तक रूफटॉप सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए विभाग ने झारखंड अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी (JREDA) को तत्काल विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया है।
जामताड़ा के जेबीसी मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में 120 केवीए प्लांट का काम शुरू
इस योजना के तहत जमीनी स्तर पर काम भी शुरू हो चुका है। जामताड़ा स्थित जेबीसी मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में 120 केवीए (kVA) क्षमता वाला सोलर प्लांट लगाने का कार्य एजेंसी द्वारा तेजी से किया जा रहा है। स्कूल में सोलर प्लांट लगने की खबर से छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में खासा उत्साह है। सोलर सिस्टम चालू होने के बाद स्कूल में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इससे विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा, विज्ञान प्रयोगशाला (लैब) और स्मार्ट क्लास जैसी आधुनिक सुविधाओं का लाभ लेने में कोई परेशानी नहीं होगी। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले कुछ ही महीनों में यह प्लांट पूरी तरह काम करने लगेगा, जिसका सीधा लाभ स्कूल के सैकड़ों बच्चों को मिलेगा।
संताल परगना के किस जिले में कितने स्कूलों में लगेंगे सोलर पैनल?
शिक्षा विभाग की इस सूची में संताल परगना प्रमंडल के सभी छह जिलों को शामिल किया गया है। जिलेवार स्कूलों की संख्या इस प्रकार है। गोड्डा: 149 विद्यालय, दुमका: 135 विद्यालय, देवघर: 133 विद्यालय, साहिबगंज: 116 विद्यालय, जामताड़ा: 77 विद्यालय, पाकुड़: 70 विद्यालय
बिजली संकट से मिलेगी मुक्ति, कम होगा बिजली बिल का बोझ
सरकार की इस पहल से न केवल ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के स्कूलों को बिजली संकट से स्थायी मुक्ति मिलेगी, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही स्कूलों के बिजली बिल का बोझ भी कम होगा।