logo

सरायकेला-खरसावां में JBAV की छात्राओं की हड़ताल, बोलीं- बिना शिक्षक के सिलेबस पूरा नहीं होता, कैसे पास होंगे!

a2922.jpg

कुकड़ू/सरायकेला-खरसावां:

तस्वीरें सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड में मौजूद झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय की है। बुधवार, 1 जुलाई को स्कूल की 10वीं और 12वीं क्लास की छात्राओं ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर हड़ताल और धरना प्रदर्शन किया। सभी छात्राएं अपनी मांगों के समर्थन में कड़ी धूप में बैठ गईं। वार्डन ने समझाने का प्रयास किया लेकिन  छात्राएं अपनी बात पर अड़ी थीं। दरअसल,  छात्राएं स्कूल में शिक्षक की मांग को लेकर धरना पर बैठीं। उनकी शिकायत थी कि स्कूल में साइंस, सोशल स्टडीज और अंग्रेजी के शिक्षक नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इतिहास और फिजिक्स समेत बाकी विषयों का पाठ्यक्रम भी समय पर पूरा नहीं हो पायेगा। 

स्कूल में पर्याप्त संख्या में शिक्षक नहीं हैं
हड़ताल पर बैठी छात्राओं का शिकायत थी कि स्कूल में पर्याप्त संख्या में शिक्षक नहीं है, जिसका सीधा असर उनकी पढ़ाई पर पड़ता है। उनका कहना था कि किसी भी विषय का एक चैप्टर पूरा होने में ही 6 महीने का लंबा समय लग जाता है। एक छात्रा ने बताया कि अंग्रेजी के शिक्षक बीते 6 महीने से छुट्टी पर हैं। स्कूल में सामाजिक विज्ञान और विज्ञान के शिक्षक भी नहीं हैं तो  ऐसे में पाठ्यक्रम कौन पूरा कराएगा। 

छात्राओं का कहना है कि यदि जल्द शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई तो उनकी पढ़ाई और आगामी बोर्ड परीक्षा के परिणाम पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

स्थानीय विधायक के आश्वासन पर टूटा हड़ताल
स्थानीय विधायक ने छात्राओं को आश्वासन दिया है कि 3 दिन के भीतर स्कूल में शिक्षक उपलब्ध कराया जायेगा। तब कहीं जाकर उनका हड़ताल टूटा। हालांकि, इन बच्चियों ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि तय समय के भीतर विद्यालय में शिक्षक नहीं आये तो दोबारा हड़ताल होगा।  

प्रभारी अंचलाधिकारी के समझाने पर मानी बच्चियां
स्कूल में हड़ताल की जानकारी मिलने पर कुकड़ू प्रखंड के प्रभारी अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी पहुंचे। हालांकि, तब तक बच्चियों ने अपना हड़ताल खत्म कर दिया था। अंचलाधिकारी ने बच्चियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को गौर से सुना। उन्होंने आश्वस्त किया है कि उनकी मांगों से संबंधित रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दिया जायेगा। जितना जल्दी संभव होगा, शिक्षक स्कूल में पढ़ाने आएंगे। 

प्रभारी अंचलाधिकारी अभय कुमार द्विवेदी ने स्कूल में आश्वासन दिया है कि स्कूल में उपलब्ध डिजिटल संसाधनों और जेनरेटर का उपयोग जल्द सुनिश्चित कराएंगे। स्कूल में तड़ित चालक भी लगेगा। बच्चियों ने भी उम्मीद जताई है कि उनकी मांगों पर गंभीरता से ना केवल विचार किया जाएगा बल्कि उचित समाधान भी होगा। 
 

Tags - Jharkhand NewsSaraikela KharsawanJBAV SchoolGirl Student Strike