रांची
'छात्रों की गूंज, रांची' द्वारा गुरुवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में Students Marathon 2026 के आयोजन की औपचारिक घोषणा की गई। आयोजकों ने बताया कि यह मैराथन 12 जुलाई 2026 (रविवार) को प्रातः 6:00 बजे मोराबादी मैदान, रांची से प्रारंभ होगी। प्रतिभागियों की रिपोर्टिंग सुबह 5:30 बजे से होगी। 5 किलोमीटर की इस मैराथन का उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, अनुशासन, सामाजिक सहभागिता तथा छात्र एकजुटता की भावना को प्रोत्साहित करना है।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों के लिए आकर्षक पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ₹15,000, द्वितीय स्थान पर ₹10,000 तथा तृतीय स्थान पर ₹5,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त दोनों वर्गों के शीर्ष पाँच विजेताओं को स्मार्ट वॉच भेंट की जाएगी तथा सभी प्रतिभागियों को निःशुल्क टी-शर्ट उपलब्ध कराई जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीकरण पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है।

क्या है 'छात्रों की गूंज' का उद्देश्य
इस अवसर पर सिटी कोऑर्डिनेटर कुमार राजा ने कहा कि "Students Marathon 2026 केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि युवाओं की ऊर्जा, स्वास्थ्य, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्सव है। 'छात्रों की गूंज' का उद्देश्य छात्रों को एक ऐसा सकारात्मक मंच उपलब्ध कराना है, जहाँ वे अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सहभागिता का परिचय दे सकें। हमें गर्व है कि इस आयोजन में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, NSUI के राष्ट्रीय प्रभारी एवं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कन्हैया कुमार, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश तथा झारखंड सरकार के मंत्री राधाकृष्ण किशोर, दीपिका पांडेय सिंह, इरफान अंसारी और शिल्पी नेहा तिर्की सहित कांग्रेस पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे हम झारखंड के सभी छात्र-छात्राओं एवं युवाओं से अपील करते हैं कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस जनआंदोलन का हिस्सा बनें।"

युवाओं को जोड़ने और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर पहल की कवायद
आयोजकों ने कहा कि Students Marathon 2026 केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को जोड़ने और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक जनभागीदारी बढ़ाने का एक व्यापक अभियान है। 'छात्रों की गूंज' का यह प्रयास युवाओं में फिटनेस के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रेस वार्ता के अंत में आयोजन समिति ने रांची एवं झारखंड के सभी छात्र-छात्राओं, युवाओं, खेल प्रेमियों एवं आम नागरिकों से 12 जुलाई को मोराबादी मैदान में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर Students Marathon 2026 को ऐतिहासिक और सफल बनाने की अपील की।
