द फॉलोअप डेस्क
राज्य में छात्रों के प्री और पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति भुगतान को लेकर आज से डिजिटल आंदोलन की शुरुआत की गयी है। मालूम हो कि राज्य के ओबीसी छात्रों का लगभग दो वर्षों से छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं हो पाया है। इसको लेकर जेएलकेएम नेता देवेंद्र नाथ महतो के आह्वान पर आज हजारों की संख्या में छात्र हैसटैग आंदोलन से जुड़े। इस आंदोलन के जरिए केंद्र और राज्य सरकार से छात्रवृत्ति का अविलंब भुगतान करने की मांग की जा रही है। इसके लिए छात्र #ScholarshipPayment #JLKM ट्रेंड कराकर केंद्र और राज्य के शिक्षा मंत्री और संबंधित विभागों को टैग कर रहे हैं। इसके माध्यम से छात्र अपनी आवाज को राज्य, देश और वैश्विक स्तर तक पहुंचाने में जुट गए हैं। डिजिटल आंदोलन के जरिए इस मुद्दे को विश्व स्तर पर ट्रेंड कराकर सरकार पर दबाव बनाना है। इससे पहले भी झारखंड में नियोजन नीति के मुद्दे पर हैसटैग आंदोलन चलाया गया था।
हालांकि इससे पहले भी आजसू, आप, भाजपा सहित अन्य दलों के छात्र संगठनों द्वारा अलग अलग तरीके से आंदोलन किया गया है। छात्रों का यह आंदोलन अभी भी जारी है। कांग्रेस पार्टी का छात्र संगठन एनएसयूआई ने भी छात्रों के लंबित छात्रवृत्ति भुगतान को लेकर जारी आंदोलन का समर्थन किया है। छात्रवृत्ति का यह भुगतान केंद्र और राज्य के बीच फंसा है। राज्य सरकार केंद्र से बकाये राशि की मांग कर रही है, वहीं केंद्र सरकार छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं होने के लिए राज्य सरकार को दोषी ठहरा रही है। इन दो पाटों के बीच राज्य के लाखों छात्र पीस रहे हैं।