द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, नारायणपुर की 11वीं कक्षा की छात्रा छामोली टुडू (पिता–वीर टुडू, निवासी–ग्राम कुमार पहाड़ी) की तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विद्यालय प्रबंधन और वार्डन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले को लेकर शनिवार देर शाम नारायणपुर थाना के बाहर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। परिजनों के अनुसार शनिवार को छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी, लेकिन उसे अस्पताल ले जाने में काफी देर कर दी गई। आरोप है कि छात्रा का भाई सुबह करीब 11 बजे विद्यालय पहुंचा था, लेकिन उसे मुख्य गेट पर ही रोक दिया गया और बहन से मिलने नहीं दिया गया। करीब दो घंटे बाद जब वह फिर विद्यालय पहुंचा, तब तक वार्डन और प्रबंधन द्वारा छात्रा को निजी वाहन से नारायणपुर अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल में करीब आधे घंटे इलाज के बाद छात्रा की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आक्रोशित परिजन, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि नारायणपुर थाना पहुंच गए और विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। इस दौरान लोगों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम करने की चेतावनी भी दी।
.jpeg)
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य के मंत्री इरफान अंसारी नारायणपुर थाना पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली। उन्होंने तत्काल दोषी वार्डन पारुल मांझी तथा अन्य संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निलंबन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार की निगरानी में जांच कमेटी गठित कर पूरे मामले की जांच कराने को कहा। मंत्री ने निर्देश दिया कि छात्रा का पोस्टमार्टम रविवार को कराया जाएगा और उसकी रिपोर्ट जांच कमेटी को सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि इस घटना को लेकर परिजनों को कुछ संदेह है, इसलिए पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उन्होंने मृतक छात्रा के परिजनों को आर्थिक सहायता, आवास और पेंशन देने की घोषणा की। साथ ही परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मृतक के भाई को विभाग में रोजगार उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया। इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेमबेम, जिला आपूर्ति पदाधिकारी क्यूम अंसारी, थाना प्रभारी मुराद हसन, बीडीओ सह अंचल अधिकारी देवराज गुप्ता सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद थे। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।