logo

करणी सेना का UGC बिल पर कड़ा विरोध, संगठन शक्ति और क्षत्रिय स्वाभिमान का प्रदर्शन

KARNI011.jpg

रांची 
राजधानी रांची में करणी सेना का 7वां स्थापना दिवस उत्साह और नारों के बीच मनाया गया। करम टोली चौक स्थित प्रेस क्लब (स्व. हरि नारायण सिंह सभागार) में आयोजित समारोह में “जय भवानी, जय महाराणा” और “भारत माता की जय” के जयघोष से माहौल गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता और करणी माता के तैलचित्र पर पुष्पांजलि व दीप प्रज्वलन से हुई। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ समारोह को औपचारिक रूप दिया गया। अतिथियों को अंगवस्त्र और प्रतीकात्मक तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया, वहीं उपस्थित सदस्यों को केसरिया गमछा ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया।


प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर प्रवीण सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि अन्याय और भेदभाव को स्वीकार नहीं किया जाएगा और संगठन को मजबूत करना समय की मांग है।
राष्ट्रीय मंत्री अमन सिंह ने कहा कि करणी सेना केवल एक संगठन नहीं, बल्कि स्वाभिमान की आवाज है। उन्होंने शिक्षा और सामाजिक भागीदारी को बढ़ाने पर जोर दिया। प्रदेश महामंत्री डॉ. धीरज सिंह ‘सूर्यवंशी’ ने यूजीसी इक्विटी बिल का विरोध करते हुए कहा कि यह समाज में विभाजन बढ़ाने वाला कदम है। उन्होंने इसे समान अवसरों के खिलाफ बताते हुए संगठित विरोध की बात कही।


प्रदेश संगठन महामंत्री हरि सिंह ने कहा कि भावी पीढ़ी के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठनात्मक एकता जरूरी है। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के लोग और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आगंतुकों के लिए प्रीतिभोज की व्यवस्था की गई। आयोजन को संगठन की एकजुटता और सामाजिक संदेश के रूप में देखा गया।


 

Tags - Karni Sena Ranchi Foundation Day Event Rajput Community UGC Equity Bill Praveen Singh