द फॉलोअप डेस्क, रांची
सिमडेगा जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली की एक तस्वीर सामने आई है। यहां एक 108 एंबुलेंस को दूसरी 108 एंबुलेंस की मदद से टोचन कर ले जाया जा रहा है। यह तस्वीर लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है और जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल खड़े कर रही है। जानकारी के अनुसार, खराब पड़ी यह एंबुलेंस पिछले करीब एक महीने से बंद थी।
लंबे समय से खड़ी एंबुलेंस को अब दूसरी एंबुलेंस के सहारे खींचकर ले जाया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि अगर आपात स्थिति में एंबुलेंस की जरूरत पड़े, तो मरीजों को समय पर सेवा कैसे मिलेगी?

13 में से 8 एंबुलेंस खराब
बताया जा रहा है कि सिमडेगा जिले में कुल 13 एंबुलेंस हैं। इनमें से करीब 8 एंबुलेंस खराब पड़ी हुई हैं। यानी जिले की आधे से ज्यादा एंबुलेंस फिलहाल सेवा में नहीं हैं। इसका सीधा असर मरीजों और उनके परिजनों पर पड़ सकता है। ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए 108 एंबुलेंस बेहद जरूरी सेवा है। ऐसे में बड़ी संख्या में एंबुलेंस के खराब होने से स्वास्थ्य व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। लोगों ने प्रशासन से जल्द खराब एंबुलेंस को ठीक कराने और व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।