logo

Palamu : पलामू दौरे पर है राज्य खाद्य आयोग की टीम, PDS से लेकर आंगनबाड़ी तक, हर शिकायत का होगा समाधान

पलामू दौरे पर है राज्य खाद्य आयोग की टीम, PDS से लेकर आंगनबाड़ी तक, हर शिकायत का होगा समाधान

डेस्क: 

झारखंड राज्य खाद्य आयोग (Jharkhand State Food Commission) की टीम पलामू दौरे पर है। आयोग के अध्यक्ष हिमांशु शेखऱ चौधरी (Himanshu Shekhar Choudhary) और आयोग की सदस्य शबनम परवीन (Shabnam Parveen) 17 जुलाई से 22 जुलाई तक पलामू के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान आयोग की टीम कई मोर्चों पर निगरानी तथा जांच का काम करेगी।

18 जुलाई को सुबह साढ़े 10 बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक परिसदन भवन मेदिनीनगर में पलामू जिला से संबंधित राज्य खाद्य आयोग में लंबित मामलों की सुनवाई होगी।

इसमें जन वितरण, मध्याह्न भोजन, आंगनबाड़ी केंद्र और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं कुपोषण उपचार केंद्र से संबंधित शिकायतों का समाधान किया जाएगा।

कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे सभी प्रमुख अधिकारी
इस दौरान अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, आपूर्ति पदाधिकारी, शिक्षा पदाधिकारी, शिक्षा अधीक्षक समाज कल्याण पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। इसके पश्चात आयोग की टीम द्वारा टाउन हॉल में सदर अनुमंडल अंतर्गत 200 से अधिक पंचायतों के मुखिया से सीधा संवाद किया जाएगा। वहीं 19 जुलाई को हुसैनाबाद एवं छतरपुर अनुमंडल कार्यालय में  अनुमंडल के प्रखंडों के अंतर्गत विभिन्न पंचायतों के मुखिया के साथ संवाद किया जायेगा। वहीं दिनांक 20 जुलाई को प्रेस वार्ता का कार्यक्रम रखा गया है।

200 से ज्यादा मुखियाओं के साथ होगा संवाद
18 जुलाई को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक डाल्टनगंज टाउन हॉल में सदर अनुमंडल के सभी प्रखंड, जैसे कि मेदिनीनगर, चैनपुर, रामगढ़, नीलांबर-पीतांबर, सतबरवा और पाटन में मुखिया से राष्ट्रीय खा्दय सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत जागरूकता के लिए संवाद तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा।

19 जुलाई को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अनुमंडल कार्यालय हुसैनाबाद (Hussainabad Subdivision) में हुसैनाबाद, हैदरनगर और मोहम्मदगंज प्रखंड के अंतर्गत आने वाले पंचायतों के मुखिया के साथ संवाद तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा।

इसी दिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक अनुमंडल कार्यालय छतरपुर (Chhatarpur Subdivision) में छतरपुर, नवडीहा, हरिहरगंज और पिपरा में पंचायतों के मुखिया के साथ संवाद और प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा। 

परिसदन भवन में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया
20 जुलाई को परिसदन भवन मेदिनीनगर (Medininaga) में सुबह साढ़े साढ़े 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के अंतर्गत आने वाली सभी योजनाओं से संबंधित जन सुनवाई की जाएगी। इसी दिन दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक परिसदन भवन में प्रेस वार्ता का आयोजन होगा।  21 जुलाई को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक पालमू जिले में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के अंतर्गत आने वाली योजनाओं की स्थिति का आकलन किया जायेगा। इस पूरे कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में महिलाओं, बच्चों तथा आम नागरिकों को संतुलित और पर्याप्त आहार मिले, ये सुनिश्चित करना है।