द फॉलोअप, रांची
झारखंड राज्यसभा चुनाव के परिणाम को लेकर चल रहे राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सह मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी पार्टी के प्रदेश प्रभारी के राजू को ही कटघरे में खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं आने से कई सवाल खड़े होना स्वाभाविक है, लेकिन बिना किसी ठोस तथ्य और प्रमाण के किसी सहयोगी दल या नेता पर आरोप लगाना गठबंधन की भावना के अनुरूप नहीं है। हाल के दिनों में कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के राजू को लेकर दिए गए कुछ राजनीतिक बयानों को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण और तथ्यों से परे बताया। मुंजनी ने कहा कि के राजू ने हमेशा झारखंड में इंडिया गठबंधन को मजबूत करने, सहयोगी दलों के बीच समन्वय स्थापित करने और भाजपा के खिलाफ साझा संघर्ष को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। लेकिन यहां वे भूल गए कि बगैर प्रमाण के कल के राजू ने ही राजद और माले पर क्रास वोटिंग का आरोप लगा दिया।
.jpg)
हालांकि मुंजनी ने इंडिया गठबंधन की एकता और मजबूती को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सहयोगी दलों से संयम बरतने की अपील भी की है। प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष सह मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी ने कहा कि कांग्रेस ने गठबंधन धर्म का पूरी निष्ठा से पालन किया और राज्यसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के दोनों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से प्रयास किया। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी भाकपा माले, राजद, झामुमो और अन्य सहयोगी दलों के संघर्षों तथा योगदान का सम्मान करती है। वर्तमान समय में एक-दूसरे पर आरोप लगाने की बजाय भाजपा की विभाजनकारी राजनीति और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर बढ़ते हमलों के खिलाफ विपक्षी एकता को मजबूत करने की आवश्यकता है।
