गिरिडीह:
झारखंड में नकली विदेशी शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग और बेंगाबाद थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बेंगाबाद थाना क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान करीब 50 लाख रुपये मूल्य की तैयार शराब और शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई। इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

नामी ब्रांड की नकली शराब जब्त की गई
उत्पाद विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, फैक्ट्री में बड़े पैमाने पर नामी ब्रांडों की नकली विदेशी शराब तैयार कर बाजार में खपाने की तैयारी चल रही थी। छापेमारी के दौरान मौके से 350 पेटी रॉयल स्टैग, आइकोनिक और रॉयल चैलेंज व्हिस्की, 4,000 लीटर पानी की टंकी, 55 रोल रॉयल स्टैग एवं रॉयल चैलेंज व्हिस्की के रैपर, 25,000 पीस ढक्कन, 20 रोल होलोग्राम, 60 खाली बोतल, 1,000 कार्टन, एक एसीई मशीन तथा 20 फीट पाइप समेत भारी मात्रा में शराब निर्माण की सामग्री बरामद की गई।

सरकारी राजस्व को भी नुकसान पहुंचाया
उत्पाद विभाग का अनुमान है कि जब्त शराब और अन्य सामग्री की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपये है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली शराब तैयार कर उसे बाजार में सप्लाई करने की तैयारी की जा रही थी। इससे लोगों के स्वास्थ्य के साथ-साथ सरकार के राजस्व को भी भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा था।
इस मामले में झारखंड उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए), 52(डी) एवं 55 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू का नेतृत्व
इस कार्रवाई का नेतृत्व उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू ने किया। छापेमारी दल में अवर निरीक्षक जानानाथ पाल, अवर निरीक्षक रवि रंजन, सहायक अवर निरीक्षक लक्ष्मण महतो, सहायक अवर निरीक्षक सत्यराज बल सहित उत्पाद विभाग के अन्य कर्मी शामिल थे। वहीं, कार्रवाई को सफल बनाने में बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार एवं बेंगाबाद थाना के पुलिस जवानों की भी अहम भूमिका रही।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही पूरे नेटवर्क का पता लगाकर इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।